कारोबारी से 35 लाख की लूट का आठवां आरोपी दबोचा, 6 लाख रुपए बाइक कट्टा बरामद
ग्वालियर. एक महीने पहले गल्ला कारोबारी से 35 लाख रुपए की लूट की साजिश रचने वाले लूट के मास्टरमाइंड आठवें आरोपी को डबरा थाना पुलिस ने धर दबोच है। जबकि लूट में शामिल सात आरोपी पूर्व में पकड़े जा चुके हैं। इस मामले में पुलिस ने लूटे गए 35 लाख रुपए में से साढ़े 32 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमाइंड पर लेकर पूछताछ कर रही है। ASP राजेश दंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि कारोबारी से लूट कर फरार आरोपी संतोष चौहान (गोले) डबरा आया हुआ है। इसका पता चलते ही सीएसपी रत्नेश तोमर, एसडीओपी डबरा विवेक शर्मा, टीआई डबरा केपी सिंह यादव व क्राइम व डबरा पुलिस की टीम बनाई और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस को पकड़े गए आरोपी से लूटे गए रुपयों में से छह लाख रुपए के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइक भी मिली है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ करना शुरू कर दिया है।
यह पकड़े जा चुके हैं पहले
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपी पकड़े जा चुके है। संतोष चौहान के पकड़े जाने से पहले इस गिरोह के हरिओम, विकास वाल्मीक, राजवीर सिंह, प्रताप, पुष्पेन्द्र, अनिल रावत और विजय को पकड़ा जा चुका है और सभी आरोपियों से अभी तक साढ़े 32 लाख रुपये के लगभग बरामद हुए है।
भागते-भागते थका, तब आया वापस
पकड़े गए आरोपी ने पुलिस अफसरों की पूछताछ में बताया कि वारदात के दो दिन बाद ही उसकी पहचान हो गई थी और उसके बाद से ही वह लगातार भाग रहा था और पुलिस उसके पीछे लगी हुई थी। एक भी दिन ऐसा नहीं गया कि वह बिना डर व सकून के रह सका हो। इतने दिन बीतने के बाद भी जब पुलिस ने उसका पीछा नहीं छोड़ा तो वह ग्वालियर आया था, क्योंकि पुलिस उसे बाहर तलाश रही थी, जिससे कुछ दिन वह शांत रह कर बिता सके, लेकिन अपने ठिकाने पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

