कश्मीर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में जैश कमांडर सज्जाद अफगानी को मार गिराया
जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर के शोपियां से बड़ी सूचना मिली है यहां रावलपोरा इलाके में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ के दौरान खूंखार आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद (जेएम) का टॉप आतंकवादी सज्जाद अफगानी को मार गिराया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ में मारा गया जेएम आतंकी सज्जाद अफगानी की आतंकवादियों को भर्ती करने में महत्वपूर्ण भूमिका थी। सुरक्षाबलों ने तीसरे दिन लगातार जारी मुठभेड़ में अफगानी को मार गिराया। दिलबाग सिंह ने बताया कि जैश आतंकवादी के अलावा अब तक मारे गए अन्य आतंकवादी की पहचान लश्कर से जुड़े जहांगीरा अहमद वानी के रूप में हुई है।
वहीं कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने शोपियां पुलिस और सुरक्षाबलों को शनिवार को शुरू हुई तीन दिन तक चले मुठभेड़ के दौरान अफगानी को ढेर करने के लिए बधाई दी और बताया कि सुरक्षाबलों को आतंकवादियों की उपस्थिति के संबंध में विशेष इनपुट मिला था। बता दें कि इनपुट मिलने के बाद शनिवार को पुलिस सेना के 34 आरआर और सीआरपीएफ की ओर से क्षेत्र में तलाशी के लिए एक संयुक्त अभियान शुरू किया था।
सरेंडर करने पर फायरिंग शुरू की
पुलिस के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान उन्होंने जैसे ही आतंकियों को सरेंडर करने को कहा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। पुलिस ने बताया कि सुबह फिर से आतंकवादी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया लेकिन आतंकवादी ने संयुक्त दल पर गोलीबारी की जिसमें जहांगीर अहमद वानी को मार गिराया गया।

