कमलनाथ के बोल आचार संहिता का उल्लंघन, चुनाव आयोग ने 48 घंटे में मांगा जवाब
भोपाल. इमरती देवी को लेकर जनसभा में अशोभनीय टिप्पणी के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मुसीबत बढ़ गई है। चुनाव आयोग ने भाषण के वीडियो का परीक्षण करने के बाद इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है।
आयोग के सचिव मधुसुदन गुप्ता ने नोटिस जारी किया
इस आधार पर कमलनाथ को नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा है साथ ही यह भी कहा कि जवाब नहीं दिए जाने पर आयोग अपने स्तर पर निर्णय लेगा। भाजपा ने कमलनाथ के बिगड़े बोल को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। चुनाव आयोग के सचिव मधुसुदन गुप्ता ने कमलनाथ को यह नोटिस जारी किया है, और इसमें कहा गया है कि 29 सितंबर को उपचुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है इसके तहत कोई भी घृणा या तनाव फैलाने वाली चीजों का बढ़ावा नहीं देगा, निजी जीवन से जुड़ी चीजों को लेकर आलोचना नहीं की जाएगी।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने ग्वालियर प्रशासन से जांच प्रतिवेदन मांगा
वहीं अब कमलनाथ की अशोभनीय टिप्पणी के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने ग्वालियर प्रशासन से जांच प्रतिवेदन मांगा है। आयोग ने अपने पत्र में इस पूरी घटना का विवरण और प्रशासन की अब तक की कार्रवाई की स्थिति भी भेजने के निर्देश दिए है। चुनाव आयोग के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी जो रिपोर्ट मांगी थी वह भी भेज दी गई है।

