एक्टिवा का ताला तोड़ा, गाड़ी मालिक को देखा तो छोड़कर भागा
ग्वालियर. सोशल मीडिया पर एक CCTV फुटेज वायरल हो रहा है। इसमें वाहन चोर एक घर के बाहर खड़ी एक्टिवा का लॉक तोड़ता है। सिर्फ 3 सेकंड में वह लॉक तोड़ देता है। जैसे ही चोर गाड़ी लेकर निकलने वाला होता है तो वाहन मालिक आ जाता है। उसे देखकर चोर गाड़ी वहीं छोड़कर भागता है। वाहन मालिक भी उसका पीछा करता है। जिस पर वह आगे खड़े अपने बाइक सवार साथी के साथ वाहन पर सवार होकर भाग जाता है। इस दौरान वाहन चोर के चेहरे पर डर दिखता है। घटना डीडीवाना ओली लश्कर की है। घटना स्थल से 200 मीटर की दूसरी पर दो पॉइंट पर पुलिस चैकिंग कर रही थी। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। अब यह फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
अंदर CCTV कैमरे में देखा कि एक बाइक से दो युवक आए
शहर के डीडवाना ओली निवासी ओम अग्रवाल लॉ स्टूडेंट है और उनके पिता कारोबारी है। डीडवाना ओली में ही उनकी शॉप है। शाम को ओम, बाजार से घूमकर घर आया और एक्टिवा को दरवाजे पर खड़ी अंदर चला गया। कुछ ही देर बाद उसकी नजर अंदर CCTV कैमरे की स्क्रीन पर पड़ी। उसने देखा कि एक बाइक से दो युवक आए। दोनों युवक उसे संदिग्ध दिखे और उसने उनकी निगरानी की तो एक युवक बाइक पर बैठा रहा तो दूसरा उसकी एक्टिवा के पास आया और लॉक तोडऩा शुरू कर दिया। बदमाश को एक्टिवा का लॉक तोड़ते देखकर ओम नीचे भागा और जब वह नीचे पहुंचा बदमाश उसकी एक्टिवा का लॉक तोड़कर स्टॉर्ट कर चुका था। उसे दौड़कर आते देखकर बदमाश एक्टिवा को छोड़कर अपने साथी के पास पहुंचा और भाग निकला।
कमर पर लगा दिखा कट्टा
छात्र ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उसकी नजर बदमाश की कमर पर लगे कट्टे पर पड़ी तो वह घबरा गया और इसी बीच बदमाश भाग निकले। छात्र का कहना है कि यदि वह बदमाशों के और करीब जाता तो वह फायर भी कर सकते थे।

