इंदौर में शाहरुख खान का पुतला जलाया, चप्पलें मारीं
इंदौर. मध्यप्रदेश में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर मूवी पठान का विरोध तेज हो गया है। इंदौर के मालवा मिल चौराहे पर आज शाहरुख खान के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। महिलाओं ने शाहरुख खान के पोस्टर पर चप्पलें मारीं, इसके बाद बीजेपी युवा मोर्चा ने पुतला दहन कर विरोध जताया। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी भी विरोध में उतर आई है। AIMTC के अध्यक्ष पीरजादा डॉ. खुर्रम मियां चिश्ती ने कहा कि देशभर से उन्हें 24 घंटे के दौरान 400 से ज्यादा कॉल आ चुके हैं। कई लोग घर पर आए और पठान फिल्म को मुस्लिमों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में मुस्लिमों की भावनाओं को भड़काया गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने भी फिल्म के सीन्स को लेकर आपत्ति जताई
पठान मूवी 25 जनवरी को रिलीज होना है। एक महीने पहले इसका टीजर और हाल ही में इसका पहला सॉन्ग ‘बेशरम रंग’ रिलीज किया गया है। इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण ने बेहद हॉट और बोल्ड सीन दिए हैं। इस गाने में दीपिका ने भगवा रंग की बोल्ड ड्रेस पहनी है, इसे लेकर मूवी का विरोध हो रहा है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी कह चुके हैं कि पठान फिल्म के गाने में अभिनेत्री की वेशभूषा और दृश्यों को ठीक करें, नहीं तो फिल्म को प्रदेश में अनुमति दी जाए अथवा नहीं, इस पर फैसला किया जाएगा। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष ने भी फिल्म के सीन्स को लेकर आपत्ति जताई है।
गृहमंत्री पहले ही यह कह चुके
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने एक दिन पहले कहा था- पठान फिल्म के गाने में अभिनेत्री की वेशभूषा और दृश्यों को ठीक करें, नहीं तो फिल्म को प्रदेश में अनुमति दी जाए अथवा नहीं, इस पर फैसला किया जाएगा। मिश्रा ने कहा कि फिल्म के गाने में उपयोग की गई कॉस्ट्यूम पहली नजर में बेहद आपत्तिजनक है। साफ दिख रहा है कि यह गाना दूषित मानसिकता के कारण फिल्माया गया है। वैसे भी दीपिका पादुकोण जेएनयू मामले में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक रही हैं।

