उपचुनाव से पहले भाजपा ने 25 अगस्त को योजना शुरू करने की तैयारी, तीनों एक्सप्रेस-वे के निर्माण से प्रदेश में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा
भोपाल. उपचुनाव से पहले भाजपा बड़ी तैयारी कर रही है। प्रदेश के 27 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का फोकस ग्वालियर-चंबल पर है। उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंबल एक्सप्रेस वे के शुरूआत का एलान किया था हालांकि उसके बाद अब तक कई बार इस परियोजना का नाम बदल चुका है। उपचुनाव से पहले भाजपा अटल प्रोग्रेस वे को शुरू करने की योजना बना रही है। जानकारी के अनुसार वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए 25 अगस्त को सड़क परिवहन मंत्री से शिलान्यास करने की योजना बना रही है। इसको लेकर विभागीय अधिकारी लगातार बैठक कर रहे है।
तीनों एक्सप्रेस-वे के निर्माण से प्रदेश में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा
लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि प्रस्तावित तीनों एक्सप्रेस-वे के निर्माण से प्रदेश में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने यह बात मंत्रालय सभागार में नर्मदा एक्सप्रेस-वे, अटल प्रोग्रेस-वे और भोपाल-इंदौर कोरिडोर निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक में कही। मंत्री भार्गव ने आगे कहा कि प्रदेश में महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं के रूप में ग्वालियर-चंबल अंचल के समृद्ध विकास के लिए 398 किलोमीटर लम्बाई वाला (अटल प्रोग्रेस-वे) (चम्बल एक्सप्रेस-वे) तैयार करने की प्रक्रिया प्रारम्भ की जा चुकी है। निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 398 किलोमीटर लम्बे इस र्मा में 309 किलोमीटर मध्य प्रदेश में, 72 किलोमीटर राजस्थान में और 17 किलोमीटर उत्तर प्रदेश में बनाया जाएगा।
इस मार्ग के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण और राष्ट्रीय राजमार्ग के आवंटन की प्रक्रिया शुरूआत की जा चुकी है। मंत्री भार्गव ने नर्मदा एक्सप्रेस-वे की समीक्षा के दौरान कहा कि 1078 किलोमीटर लम्बे इस प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे से (मॉ-नर्मदा) पर स्थित सभी धार्मिक और पर्यटन स्थल को जोड़ा जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्य योजना में न्यूनतम व्यय से अधिकतम उपयोगिता के आधार पर ही रोड का एलाइनमेंट तय किया जाएगा। नर्मदा एक्सप्रेस-वे के प्रजेन्टेशन में सड़क विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक श्रीमन शुक्ल ने 6 प्रस्तावित विकल्प प्रस्तुत किए।

