इजराइल से 212 भारतीय एयरलिफ्ट, ऑपरेशन अजय के तहत पहली फ्लाइट दिल्ली पहुंची
नई दिल्ली. इजराइल-हमास जंग का आज 7वां दिन है। इस बीच भारत सरकार ने ऑपरेशन अजय के तहत इजराइल में फंसे 212 भारतीय नागरिकों को रेस्क्यू किया है। आज सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंची। दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सबका स्वागत किया। भारतीय समय के अनुसार इजराइल के डेविड बेंगुरिअन एयरपोर्ट से गुरूवार देर रात 12.44 बजे फ्लाइट ने भारत के लिए उडान भरी थी। इजराइल में करीब 18 हजार भारतीय रहते हैं। भारत ने इजराइल पर हमास के हमले को आतंकी हमला बताया है। हालांकि उसने यह भी कहा कि फिलिस्तीन को लेकर भारत की पॉलिसी लंबे समय से एक ही रही है। भारत हमेश से बातचीत से आजाद और संप्रभु फिलिस्तीन बनाने की वकालत करता रहा है। अभी भारत का यही स्टैंड है।

इजराइल-हमास के बीच 7 अक्टूबर से शुरू हुई जंग में अब तक 2700 लोग मारे जा चुके हैं। इनमें से करीब 1300 इजराइली हैं। अब तक करीब 1400 फिलिस्तीनियों ने भी जान गंवाई है। इजराइल का कहना है कि उसकी सेना ने 6 दिनों में हमास के 3600 ठिकानों पर हमला किया है। गाजा पर 6 हजार बम दागे गए है। इन बमों का वनज करीब 4 हजार टन है।


