सेंट्रल स्कूलों में एडमिशन के लिये पेरेंट्स हैं तैयार, लगा रहे सिफारिशें, 1 अप्रैल से मिलेंगे एडमिशन फार्म
ग्वालियर। केंद्रीय विद्यालय संगठन जल्द ही केवीएस एडमिशन फॉर्म-2026 जारी करने की तैयारी कर रहा है। वर्ष 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार जल्द शुरू की जाएगी। केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 11 तक विभिन्न चरणों में एडमिशन दिए जाते हैं। कक्षा 1 के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जबकि अन्य कक्षाओं के लिए सीट उपलब्ध होने पर ऑफलाइन या विद्यालय स्तर पर आवेदन स्वीकार किए जाते हैं।
जल्द मिलेंगे एडमिशन फॉर्म
कक्षा 1 के लिए एडमिशन फॉर्म मार्च 2026 के अंत या अप्रैल की शुरुआत में जारी होने की संभावना है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसके लिए अभिभावकों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन शुरू होने के बाद आमतौर पर लगभग 2 -3 सप्ताह तक फॉर्म भरने का समय दिया जाता है।
यह दस्तावेज तैयार रखें
बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
पासपोर्ट साइज फोटो, निवास प्रमाण पत्र
अभिभावक का सेवा प्रमाण पत्र (यदि सरकारी कर्मचारी हों)
आधार कार्ड या पहचान पत्र
जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
सभी दस्तावेज सही और स्पष्ट होने चाहिए, गलत जानकारी पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।
ऐसे होगा एडमिशन
कक्षा 1 : आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन और चयन लॉटरी सिस्टम से होता है।
कक्षा 2 से 8 : सीट खाली होने पर ऑफलाइन आवेदन और प्राथमिकता के आधार पर चयन।
कक्षा 9 : लिखित परीक्षा और मेरिट के आधार पर प्रवेश।
कक्षा 11 : कक्षा 10 के अंकों के आधार पर स्ट्रीम के अनुसार एडमिशन।
केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आयु सीमा निर्धारित
कक्षा 1 : न्यूनतम आयु 6 वर्ष
कक्षा 2 : 7 वर्ष
कक्षा 3 : 8 वर्ष
आयु की गणना आमतौर पर 31 मार्च 2026 तक के आधार पर की जाएगी।
प्रवेश के लिए होगा मुकाबला
केंद्रीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, कम फीस और बेहतर शैक्षणिक माहौल के कारण हर साल एडमिशन के लिए प्रतिस्पर्धा काफी ज्यादा रहती है। इसलिए समय पर आवेदन करना और दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है।

