शिवराज सरकार आईफा अवॉर्ड के 19.60 करोड़ रुपए कंपनियों को लौटाएगी
भोपाल. शिवराज सरकार में अब आइफा अवॉर्ड समारोह नहीं होगा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के ऐलान के बाद सरकार ने इस कार्यक्रम के लिए आर्थिक सहयोग करने वाली कंपनियों की राशि लौटाने की तैयारी कर ली है। यह राशि 19 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपए है। इसमें मेघा इंजीनियरिंग एण्ड इंफ्रास्क्चर लिमिटेड, अल्ट्राटेक सीमेंट, डीआरएम कंपोजिट्स लिमिटेड शामिल है।
यह कार्यक्रम विजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और पर्यटन नियम मिलकर कर रहा था। इसके लिए इन दोनों कंपनियों के बीच अनुबंध भी हुआ था। कमलनाथ सरकार में इस आयोजन की तैयारी थी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि सरकार और जनता की गाढ़ी कमाई का पैसे ऐसे कार्यक्रमों में नहीं उड़ाए जाएंगे। इस पर कमलनाथ सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि कार्यक्रम के लिए सरकार ने कोई भी राशि खर्च नहीं की है और न ही बजट में प्रावधान किया है। शिवराज सरकार की घोषणा के बाद अब इस कार्यक्रम के लिए राशि देने वाली कंपनियों को ये राशि वापस करने की तैयारी शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार आइफा अवॉर्ड कार्यक्रम के लिए 10 कंपनियों ने 13 करोड़ 70 लाख 50 हजार देने का वादा किया था लेकिन इन कंपनियों ने अभी तक सिर्फ 9 करोड़ 28 लाख रुपए ही दिए थे। वहीं मप्र पर्यटन बोर्ड ने विजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को 10 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपए दिए थे जबकि बोर्ड ने इस कार्यक्रम के लिए इस कंपनी को 11 करोड़ 75 लाख रुपए देने का वादा किया था। समारोह का आयोजन विजक्राफ्ट कंपनी और पर्यटन निगम को करना था।

