शिवराज बोले मैं कमलनाथ से लगातार सवाल करूंगा, कमलनाथ बोले शिवराज अभी से नेट प्रैक्टिस कर रहे
उज्जैन. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूरी तरह चुनावी मूड में आ गए हैं। उनका कहना है कि मैं कमलनाथ से उनके कार्यकाल को लेकर सवाल पूछूंगा कि उन्होंने जो वादे किए थे, वे क्यों पूरे नहीं किए। कांग्रेस ने फिर से झूठे वादे करना शुरू कर दिए हैं। उन्होंने पिछले चुनाव के वक्त वचन पत्र में जो वचन दिए थे, वे ही पूरे नहीं किए। सीएम के इस बयान पर कमलनाथ ने भी पलटवार किया है। कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि प्रदेश की जनता आपको कुर्सी से हटाकर सवाल पूछेगी। आप उसी की नेट प्रैक्टिस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को उज्जैन में आयोजित दो दिवसीय सोशल मीडिया कॉन्क्लेव में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कमलनाथ और राहुल गांधी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ने वचन पत्र में कहा था कि हम गेहूं, चना, सरसों, चावल कोई भी फसल के लिए बोनस देंगे, लेकिन सवा साल में एक को भी बोनस क्यों नहीं दिया। कमलनाथ जी आखिर झूठ की भी हद होती है।
कमलनाथ का ट्वीट- जनता पूछेगी सवाल
सीएम का बयान आने के बाद कमलनाथ ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- सुना है शिवराज जी मुझसे सवाल कर रहे हैं कि हमने किन वादों पर अमल किया और किन पर नहीं कर पाए। ऐसे सवाल कोई अस्थिर मति का व्यक्ति ही कर सकता है। मुख्यमंत्री का काम सवाल पूछना नहीं, जनहित की योजनाओं पर अमल करना है। अगर हमारी घोषणा जनहित की है, तो आप इसे लागू करें। आप कुछ महीने के लिए सवाल बचाकर रखिए। प्रदेश की जनता आपको कुर्सी से हटाकर सवाल पूछने का खूब समय देने वाली है। मुझे लगता है, आप उसी की नेट प्रैक्टिस कर रहे हैं।

