शार्ट एनकाउंटर में पकड़े गए लूट के 4 आरोपी, कट्टा अड़ाकर कारोबारी से 14.48 लाख लूटे
भिंड. गोहद में कृषि उपज व्यापारी से दिनदहाड़े 14 लाख 48 हजार रुपए की लूट के 4 आरोपी शार्ट एनकाउंटर में पकड़े गए है। इनमें से एक को गोली लगी है। चारों बदमाश भारौली थाना क्षेत्र के मुसावली गांव में गोहद और भारौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए। भिंड की वारदात में कुल 8 आरोपी हैं। इनमें से 4 पकड़े गए हैं। बाकी 4 की तलाश की जा रही है। इनमें भी दो आरोपी दो लाख रुपए लेकर भाग गए। आरोपियों में परमानंद परमार निवासी बिहार, अरुण पुरोहित, छोटू उर्फ सुधीर शर्मा निवासी बिलाव, नरेन्द्र यादव (तीनों भिंड के) शामिल हैं। चारों बदमाश कट्टा अड़ाकर व्यापारी से रुपयों से भरा बैग छीनकर ले गए थे। वारदात के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो वे अपना वाहन रास्ते में छोड़कर खेत में ओझल हो गए। उन्हें ढूंढने के लिए पुलिस ने ड्रोन से भी सर्चिंग की। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इधर, वारदात से नाराज गोहद व्यापार मंडल ने गुरुवार से अनिश्चितकाल के लिए मंडी बंद रखने का ऐलान किया था।

प्रत्यक्षदर्शी बोला मैंने बदमाशों पर फायर किया
प्रत्यक्षदर्शी किसान गंगा सिंह का कहना है कि आरोपियों को भागते देखा तो मैंने बेटे के साथ उनका पीछा किया। मैंने ही आगे गांव के लोगों को फोन पर कहा था कि रास्ता रोको। जब बदमाश सरसों के खेत में भागे तो मैंने अपनी लाइसेंसी राइफल से उन पर फायर भी किया। इसके बाद पुलिस आई। घने सरसों के खेतों के ऊपर ड्रोन उड़ाकर दो किलोमीटर तक सर्चिंग की।
1 हजार रुपए प्रतिदिन पर स्कॉर्पियो गाड़ी उठाई
मंडल सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन के ढीले रवैये से भी ग्रामीण नाराज हैं। बदमाश जिस स्कॉर्पियो को छोड़कर भागे वह दिल्ली के पास किसी अनारकली के नाम पर रजिस्टर्ड है। बदमाश पुच्ची उर्फ प्रदीप शर्मा भिंड से 1 हजार रुपए प्रतिदिन पर गाड़ी अहमदाबाद की कह कर लेकर गए थे।
कार पर दिल्ली की नंबर प्लेट और भाजपा का झंडा लगा
दो बदमाश स्कॉर्पियो से बाहर थे, कुछ अंदर ही थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो बदमाश स्कॉर्पियो से बाहर थे। उनके व्यापारी से बैग छीनने के बाद स्कॉर्पियो पीछे से आई जिसमें वो बैठकर वो भागे। दोनों की उम्र 35 से 40 साल के बीच थी। दोनों की कद काठी सामान्य थी। उन्होंने मफलर बांध रखा था लेकिन अपना चेहरा नहीं ढंका था। फिर भी आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण वारदात कैमरे में कैद नहीं हुई। जो गाड़ी बरामद हुई है। उस पर दिल्ली की नंबर प्लेट लगी है और भाजपा का झंडा लगा है।
व्यापारियों ने दी थी हड़ताल की चेतावनी
गोहद तहसील व्यापार मंडल ने एसडीएम शुभम कुमार शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपकर कहा था कि गुरुवार से मंडी की हड़ताल रहेगी। जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाते तब ये हड़ताल जारी रहेगी। मंडल के अध्यक्ष जगदीश गुप्ता ने कहा कि इस वारदात से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।

