विवेकानंद नीडम आरओबी व छात्रावासों का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण

ग्वालियर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर में तेजी से अनेक विकास कार्य मूर्तरूप ले रहे हैं। ग्वालियर से आगरा तक सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे के निर्माण से ग्वालियर और दिल्ली में कोई अंतर नहीं रहेगा। साथ ही वेस्टर्न बाईपास सहित अन्य बड़े-बड़े विकास कार्य होने जा रहे हैं, जिससे अधोसंरचनागत विकास के साथ – साथ आर्थिक दृष्टि से भी ग्वालियर विकसित होगा। विवेकानंद नीडम रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के लोकार्पण कार्यक्रम को भोपाल से वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्वालियरवासियों को इस सौगात के लिये बधाई दी। साथ ही कहा कि भारत सरकार द्वारा ग्वालियरवासियों को वेस्टर्न बाइपास के रूप में एक और बड़ी सौगात दी है। केन्द्र सरकार द्वारा 4 हजार करोड से अधिक लागत से प्रदेश में मंजूर की गईं चार महत्वपूर्ण सड़कों में ग्वालियर की वेस्टर्न बायपास भी शामिल है। ग्वालियर को सिर्फ रेलवे ओवरब्रिज के साथ-साथ छात्रावासों की सौगात भी मिली है। 50-50 सीटर कन्या छात्रावासों से ग्वालियर की अनुसूचित जाति की बालिकाओं को पढ़ाई के लिये आवासीय सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री 11 अप्रैल को अशोकनगर जिले के आनंदपुर धाम भी पधार रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि ग्वालियर के विकास में नए-नए आयाम जुड़ रहे हैं। इस श्रृंखला में शामिल हुए नए आरओबी से शिवपुरी – दतिया हाईवे तक जाने के लिये एक और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हुआ है। ग्वालियर को 1300 करोड रूपए लागत के वेस्टर्न बाइपास की सौगात मिली है, जिससे ग्वालियर के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने पिछले वर्षों में ग्वालियर में स्थापित हुए विकास के विभिन्न आयामों का उल्लेख भी इस अवसर पर किया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी वर्चुअल उदबोधन दिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार से ग्वालियर के सुनियोजित विकास के लिये भरपूर मदद कर रहीं हैं। प्रसन्नता की बात है कि ग्वालियर में एक साथ पाँच रेलवे ओवरब्रिज सरकार ने मंजूर किए थे। ये सभी पूर्ण हो चुके हैं, इससे ग्वालियरवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिली है।
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित ग्वालियर का संकल्प तेजी से मूर्तरूप ले रहा है।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने आरओबी व दो छात्रावासों की सौगात देने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया। साथ ही कहा कि ग्वालियर में विकास कार्यों की श्रृंखला चल रही है। निर्माणाधीन बड़े-बड़े कार्यों के पूर्ण होने पर आगे चलकर निश्चित ही ग्वालियर एक विकसित शहर का रूप लेगा।
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हम सभी दलगत भावना से ऊपर उठकर ग्वालियर के विकास में सहभागी बनें। महापौर ने आरओबी के लोकार्पण की सभी को बधाई दी। विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा खुशी की बात है कि ग्वालियर को आज एक और आरओबी मिला है। इससे शहरवासियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने ग्वालियर के विकास में हर संभव सहयोग देने की बात कही।
नदी लिंक परियोजनाओं का लाभ भी ग्वालियर-चंबल को मिलेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा पार्वती काली सिंध चंबल अंतरराज्यीय नदी जोड़ो परियोजना से भी ग्वालियर चंबल क्षेत्र लाभान्वित होगा। पार्वती काली सिंध चंबल परियोजना और केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना दोनों से यह संभाग लाभान्वित होगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि दुग्ध उत्पादन में श्योपुर और अन्य जिलों की विशेष पहचान है।
आरओबी बनने से शहरवासी चंद्रबदनी नाका से हाईवे तक सीधे जा सकेंगे
यह आरओबी बनने से एजी ऑफिस ब्रिज पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही लश्कर कम्पू से लेकर अन्य बस्तियों के निवासियों को कलेक्ट्रेट व न्यू सिटी सेंटर की बस्तियों एवं हाईवे तक जाने में कम दूरी तय करनी पड़ेगी। साथ ही जाम से मुक्ति मिलेगी। चंद्रबदनी नाका से अब हाईवे (शिवपुरी व दतिया राष्ट्रीय राजमार्ग) तक एक और सीधी सड़क शहरवासियों को मिल गई है।

