मुख्यमंत्री व केन्द्रीय मंत्रिगण श्री गड़करी, श्री तोमर व श्री सिंधिया की मौजूदगी में 15 सितम्बर को होगा भूमिपूजन
ग्वालियर 15 सितम्बर को प्रस्तावित एलीवेटेड मार्ग के भूमिपूजन समारोह स्थल का ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लगभग 447 करोड़ रूपए की लागत से बनने जा रहे प्रथम चरण के एलीवेटेड रोड़ का भूमिपूजन एवं आईएसबीटी (अंतराज्यीय बस अड्डा) की अधाराशिला रखी जायेगी।
गोला का मंदिर मुरैना रोड़ पर स्थित ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित एलीवेटेड रोड़ के भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित राज्य सरकार के मंत्रिगण एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा।
स्वर्ण रेखा पर 6 किमी लम्बाई में बनेगी प्रथम चरण की एलीवेटेड रोड़
कार्यपालन यंत्री सेतु निगम ज्ञानवर्धन मिश्रा ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई की समाधि से ट्रिपल आईटीएम तक लगभग 6 किमी लम्बाई में बनने जा रहे एलीवेटेड रोड़ की कुल चौड़ाई लगभग 16 मीटर होगी। डिवाइडर के अलावा दोनों ओर की सड़कों की चौड़ाई 7.25 – 7.25 मीटर होगी। एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये 6 किमी की लम्बाई में 6 स्थानों पर रैम्पनुमा 13 सड़कें बनाई जायेंगीं। एलीवेटेड रोड़ के प्रारंभ स्थल यानि रानी लक्ष्मीबाई समाधि के नजदीक और दूसरे छोर पर ट्रिपल आईटीएम के समीप एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये अलग – अलग रैम्प बनाए जायेंगे। हजीरा क्षेत्र में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये दो स्थानों पर अलग-अलग रैम्प बनेंगे अर्थात यहाँ पर कुल चार रैम्प बनेंगे। इसके अलावा रानीपुरा व रमटापुरा में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये अलग-अलग रैम्प बनाए जायेंगे। साथ ही चंद्रनगर में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने के लिए एक रैम्प बनेगा।

