महाराष्ट्र में बाढ़ से जुड़े हादसों में 136 मौतें, कर्नाटक के 7 जिलों में रेड अलर्ट
महाराष्ट्र. महाराष्ट्र में शनिवार को भी बारिश का कहर जारी है, गुरूवार शाम से लेकर अब तक बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 136 लोगों की मौत हो चुकी है। बुरी तरह प्रभावित ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों से 8 हजार से ज्यादा लोगों को एनडीआरएफ, नेवी और आर्मी ने रेस्क्यू किया है। 200 से ज्यादा गांवों का प्रमुख इलाकों से संपर्क टूट गया है।
गोवा से सटे महाराष्ट्र के इलाकों में अलग दो दिन बारिश का रेड अलर्ट है यहां 6 जिलों में एनडीआरएफ की 18 टीमों को तैनात किया गया। 8 टीमें अलर्ट पर है और 2 टीमें रायगढ़ में शुक्रवार को हुई लैंड स्लाइड वाली जगह पर रेस्क्यू में जुटी है, इसके अलावा रायगढ़ में नेवी और कोल्हापुर, रत्नागिरी में आर्मी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुणे-बेंगलुरू हाईवे पर 20 किलोमीटर लंबा जाम
महाड़ में बाढ़ का पानी तो निकल गया लेकिन अभी भी तबाही के निशान सड़कों पर नजर आ रहे है, भारी बारिश के कारण किणी टोल प्लाजा के पास पुणे-बेंगलुरू हाईवे बंद है। इस पर 20 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार नजर आ रही है।
मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद
लैंडस्लाइड से जान गंवाने वालों के परिजन को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 5-5 लाख और केंद्र ने 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है, घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।
कर्नाटक के 7 जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, कई इलाकों में बाढ़ आ गई। तीन लोगों की मौत की खबर है और दो लापता है। कम से कम 8 जगहों पर भूस्खलन हुआ। बाढ़ प्रभावित इलाकों से 9000 से अधिक लोगों को निकाला जा चुका है। राज्य के 7 जिलों-दक्षिण कन्नड़, उडुप्पी, उत्तर कन्नड़, शिवमोग, चिकमंगलूर, हासन और कोडागु में बारिश का रेड अलर्ट है।

