सीएम योगी आदित्यनाथ ने किये पीताम्बरा पीठ में की पूजा अर्चना, आम श्रद्धालुओं के डेढ़ घंटे तक प्रवेश रहा बंद

दतिया में राज्य की सुख-समृद्धि के लिये सीएम योगी आदित्यनाथ ने मां बगलामुखी की पूजा अर्चना की
दतिया. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार की सुबह 10.15 बजे विशेष विमान से दतिया हवाई पट्टी पहुंचे। यहां से वह सीधे विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ पहुंचे। जहां उन्होंने मां बगलामुखी और महाभारत कालीन वनखंडेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की है। दर्शन के बाद वह सड़क मार्ग से झांसी के लिये रवाना हो गये। जहां वह 1500 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पीताम्बरा पीठ परिसर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किये गये थे। वीआईपी मूवमेंट के चलते मंदिर परिसर को लगीाग डेढ़ घंटे तक आम श्रद्धालुओ के लिये पूरी तरह से बंद रखा गया। इस बीच न केवल दर्शनार्थियों बल्कि कई पंडा-पुजारियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गयी थी। योगी आदित्यनाथ लगभग 15 मिनट तक पीताम्बरा पीठ में मौजूद रहें। उन्होंने विधि-विधान से मां बगलामुखी की पूजा कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की है। दर्शन के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम मुस्तैद रहीं। वहीं, काफी देर से बाहर इंतजार कर रहे कुछ श्रद्धालुओं ने एंट्री रोके जाने की इस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
श्रद्धालुओं ने किया 1 घंटे इंतजार
ग्वालियर से दर्शन के लिये आये दुर्गेश भार्गव ने बताया है कि उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं दिया गया। वजह पूछने पर बताया गया कि यूपी के सीएम के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था लागू की गयी है। वहीं एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि तेज धूप से बचने के लिये वह सुबह ही माता के दर्शन के पहुंची थी। लेकिन उन्हें भी लगभग 1 घंटे तक इंतजार करना पड़ा है और बाद में मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी गयी।

