भिण्ड के गौरी सरोवर में कार के गिरने से 3 कांवरियों की मौत
भिण्ड. मप्र के भिण्ड जिले में यहां पर त्र्यबकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिये आ रही कांवरियों से भरी तेज रफ्तार से आ रही कार गौरी सरोवर में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीनों कांवरियों की मौत हो गयी। हादसा गुरूवार की देर रात को 2.40 बजे त्र्यबकेश्वर मंदिर के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार, कार में सवार कांवरिये श्रृंगीरामपुर से कांवर भरकर लाये थे। उनके परिजन रात को कार लेकर उन्हें लेने आये थे। गौरी सरोवर के किनारे कार को पार्क दिया गया। परिजन दर्शन करने चले गये और कांवर भरकर आये तीनों लोग उसमें आराम करने के लिये बैठ गये। इसी बीच कार में सवार एक कांवरिये ने चाबी लगाई तो कार स्टार्ट हो गयी। कार रोकने के लिये ब्रेक दबाने के बजाये एक्सीलेटर दब गया और इससे कार तेज रफ्तार होकर सरोवर में जा गिरी।
सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गयी। कलेक्टर छोटे सिंह, एएसपी कंचन, एसडीएम इकबाल मोहम्मद ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन करके कार को बाहर निकलवाया। महाशिवरात्रि पर्व के लिये भारौली खुर्द गांव से बृजमोहन सिंह 50, चन्द्रभानसिंह 25, बृजकिशोर शर्मा 22, गुरूवार को श्रृंगीरामपुर के लिये रवाना हुए थे। तीनों रात 1.30 बजे कांवर भरकर वापिस लौटे थे।
हम रस्से लेकर पहुंचे थे, लेकिन कार डूब चुकी थी
हादसे के वक्त भारौली खुर्द गांव निवासी मृतकों के एक परिचित धर्मराज सिंह कार के पास ही खड़े थे। धर्मराज सिंह का कहना है कि उन्होंने लोगों को मदद के लिए पुकारा। लोग रस्से लेकर आए। इस दौरान धर्मराज करीब 100 मीटर दौड़कर कालेश्वर मंदिर के पास पुलिस बल को मदद करने के लिए बुलाने दौड़े। धर्मराज ने ही पुलिस को सूचना दी। कार डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस बल आया। इस दौरान आसपास के लोगों ने रस्से के जरिए से कार को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी थी।
आंखों के सामने डूबी तीन जिंदगी
धर्मराज सिंह ने बताया कि गौरी सरोवर में गिरी कार को निकालने के प्रयास के दौरान अंदर फंसे तीनों लोग बचाने के लिए चीख रहे थे। इस दौरान इन्होंने बाहर निकलने के लिए कार का शीशा तोड़ा गया। शीशा टूटते ही कार में पानी भरने लगा। इस दौरान परिजन और लोगों की आंखों के सामने तीनों कांवरियों की जिंदगी कार में भरे पानी में डूब गई। इससे तीनों की मौत हो गई।स्थानीय गोताखोर सरोवर में कूदेए लेकिन कार पानी में डूबती जा रही थी। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। तीनों के शव कार में पीछे की सीटों पर मिले।

