फूलबाग पर चला चेकिंग अभियान, पुलिस को देख बांधा रूमाल
ग्वालियर. प्रमुख सचिव के निर्देश के बाद रविवार को जिला प्रशासन का अमला मास्क नहीं लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मैदान में उतरा। फूलबाग चौराहे पर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया वहीं पुलिस को देखते ही लोगों ने जेब में रखे मास्क और रूमाल मुंह पर बांध लिए, जिन लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं था उनको ओपर जेल भेज दिया।
बिना मास्क बेवजह सड़कों पर घूमने वालों को रोका
कोरोना के मरीजों की संख्या फिर से बढ़ना शुरू हो गई है। सैंपलिंग और रैपीड एंटीजन टेस्ट के जरिए जैसे तैसे आंकड़ों को मैनेज किया जा रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अच्छी तरह जानता है कि यदि कोरोना गाइड लाइन का सख्ती से पालन नहीं कराया गया तो हालत बिगड़ सकते है। इसके चलते अब प्रदेश में उज्जैन और गुना में बिना मास्क के घूमने वालों को सबे सिखाने के लिए खुली जेल में रखने का कंसेप्ट ग्वालियर में भी लागू कर दिया गया है। रविवार को ग्वालियर में बिना मास्क बेवजह सड़कों पर घूमने वालों को खुले मैदान में 4 घंटे रोककर यानि खुली जेल में रखा गया।
प्रशासनिक व पुलिस अमला 2 बजे के बाद सड़कों पर उतरा
प्रमुख सचिव के आदेश के बाद भी प्रशासनिक और पुलिस अमला दोपहर 2 बजे के बाद सड़कों पर उतरा। पहले तो लोगों ने इसे रूटीन चेकिंग समझा लेकिन जब मास्क नहीं लगाने वालों को अधिकारियों ने रोकना शुरू किया तो होश उड़ गए। जिन लोगों ने अपने मास्क जेब में रखे थे उन्होंने पुलिस को देख तुरंत मास्क को चेहरे पर लगा लिया। वहीं जिन लोगों के पास मास्क नहीं था उन्होंने रूमाल चेहरे पर लपेटकर ओपन जेल से बचने की कोशिश की। इस दौरान बिना मास्क के घूमने वालों को पकड़कर 4 घंटे की ओपर जेल में भेज दिया।

