पुलवामा में सुरक्षाबलों ने 5 आतंकियों को मार गिराया
जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर में आतंकी वारदातों कम होने का नाम नहीं ले रही है। यही वजह है कि एक बार फिर सेना ने मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को खदेड़ना शुरू कर दिया है। पुलवामा के पुचल में बुधवार-गुरूवार की दरम्यानी रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इस एनकाउंटर में अब तक 2 आतंकी मार गिराए। वहीं इससे पहले कुलगाम में दो आतंकियों को ढेर करने के साथ ही पिछले 24 घंटे में कुल मिलाकर पांच दहशतगर्दों का खात्मा किया जा चुका है।
कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने बताया कि बीते 24 घंटे में कश्मीर में 5 आतंकियों को मार गिराया गया है, इसके लिए उन्होंने पुलिस और सुरक्षाबलों को बधाई दी है। दक्षिणी कश्मीर में बुधवार देर रात मुठभेड़ शुरू हुई। दो आतंकियों के घिरे होने की सूचना मिली थी। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया था। पुलवामा में आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। इस दौरान एक मकान में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। एसओपी ने बताया कि इन आतंकियों को आत्मसमर्पण के कई मौके दिए गए लेकिन आतंकियों ने इसे नजर अंदाज किया, जवाबी कार्रवाई में सेना के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
इससे पहले राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर बुधवार को सेना ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता की ओर से ये जानकारी दी थी। इस तरह बीते 24 घंटे में अब तक पांच दहशतगर्दो को ढेर किया जा चुका है।
हिजबुल के टॉप कमांडर को भी मार गिराया
इससे पहले भारतीय सेना को बड़ी कामयाबी हाथ लगी थी। हंदवाड़ा में सुरक्षाबल के जवानों से मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन का टॉप कमांडर मेहराजुद्दीन उर्फ उबैद को मार गिराया था। उबैद देश में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था। इस ऑपरेशन को हंदवाड़ा पुलिस, 32 आरआर और 92 बीएन सीआरपीएफ ने मिलकर अंजाम दिया।

