दोस्त से मिलने आये युवक पर जानलेवा हमला, कब्रिस्तान में किया हमला
ग्वालियर. थाटीपुर में अपने दोस्त से मिलने पहुंचे एक युवक को कब्रिस्तान के पास 2 बदमाशों ने अंधेरे में घेर लिया। दोनों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किये हैं। कातिलाना हमला करने वाले कौन थे और हमले की वजह क्या थी यह फिलहाल पता नहीं चल सका है, पर हमला करने वाले चाकू मारने के साथ-साथ बार-बार कहते जा रहे थे बहुत गुण्डा बनता है।
घटना शनिवार की देर रात ठाठीपुर कब्रिस्तान की है। घायल को उसका दोस्त पहले जिला अस्पताल ले गया जहां से उसे जेएएच के लिये रैफर कर दिया गया है। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
शहर के माधौगंज हेमसिंह की परेड निवासी राज उर्फ राजकुमार नामदेव पुत्र डाल चंद्र नामदेव शनिवार रात थाटीपुर में रहने वाले अपने दोस्त रहीस से मिलने के लिए अरब साहब की दरगाह के पास आया था। दोस्त जब नहीं मिला तो वह उसे तलाशने के लिए कब्रिस्तान के पीछे पहुंचा। यहां जब वह दोस्त को तलाश रहा था कि तभी पीछे से दो युवक आए और एक ने उसे पकड़ा और दूसरे ने ताबड़तोड़ चाकू से तीन से चार वार कर दिए। जिस समय बदमाश उस पर चाकू से वार कर रहे थे, उन्होंने उससे सिर्फ इतना कहा कि बड़ा गुण्डा बनता है। हमला करने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। घायल ने शोर मचाया तो उसका दोस्त रहीस वहां पर आ पहुंचा। घायल को लेकर रहीस उसे मुरार जिला अस्पताल पहुंचा, जहां पर उसकी हालत को गंभीर देखकर डॉक्टर ने उसे उपचार के लिए जेएएच रैफर कर दिया।
अनजान हमलावर
मामले का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि हमलावर कौन थे और किस कारण से हमला किया है। हमलावर से अभी तक घायल और पुलिस अनजान है। पुलिस को पता चला है कि घायला का भी अपराधि रिकॉर्ड है, हो सकता है कि उसकी कोई पुरानी रंजिश का ही यह नतीजा हो।

