झूठे फोटो को ट्वीट करके दिग्विजय ने दंगे भड़काने के प्रयास किया, एक्शन लेने की तैयारी में शिवराज सरकार
भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खरगोन दंगे में शिवराज सरकार को घेरते-घेरते खुद घिर गए। दिग्विजय सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट से VIDEO पोस्ट कर लिखा- क्या तलवार-लाठी लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? क्या खरगोन प्रशासन ने इजाजत दी थी। VIDEO मुजफ्फरपुर (बिहार) का है। गलती का अहसास होने पर दिग्विजय ने पोस्ट डिलीट तो कर दी, लेकिन गृहमंत्री ने उनके खिलाफ एक्शन लेने की बात कही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दिग्विजय प्रदेश को दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं।
गृहमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को बदनाम करने की बात हो या साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की बात हो, दिग्विजय सिंह ऐसा करते रहे हैं। पहले पाकिस्तान के ब्रिज को भोपाल से जोड़ दिया था। अब यह बाहर की मस्जिद, जिसमें झंडा फहराया जा रहा है, उसे मध्यप्रदेश से जोड़कर दिखाया। इस मामले में विषय विशेषज्ञों से राय ली जा रही है। वैधानिक कार्रवाई दिग्विजय सिंह पर हो सकती है, इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मंगलवार दोपहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोपाल में क्राइम ब्रांच पहुंचकर दिग्विजय के खिलाफ शिकायत की। केस दर्ज करने की भी मांग की।
BJP ने कहा– दंगे भड़काने के प्रयास का मामला दर्ज हो
BJP ने भी दिग्विजय सिंह पर कार्रवाई करने की मांग कर दी है। इस झूठे फोटो को ट्वीट करने के लिए दिग्विजय सिंह पर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और दंगे भड़काने के प्रयास का मामला दर्ज होना चाहिए। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता हितेष बाजपेयी ने लिखा- आज अपनी गिरफ्तारी के डर से, पहले से ही “जमानतशुदा” दिग्गी ने कौन सा झूठा ट्वीट डिलीट किया ।

