ग्वालियर में सिंधिया के काफिले में हादसा
ग्वालियर. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के काफिले में एक हादसा हुआ है। कारकेड में पीछे चल रही एक कार में अचानक ब्रेक लगाने से दो कार एक-दूसरे से भिड़ गईं। हादसे में एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हादसे के समय केंद्रीय मंत्री सिंधिया का वाहन काफी आगे चल रहा था। हादसे में क्षतिग्रस्त कार को हटाकर हालात को नियंत्रण में लिया गया है। घटना उस समय हुई है, जब सिंधिया एयरपोर्ट से मुरार निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। घटना की पुष्टि पुलिस अधिकारियों ने की है, पर क्षतिग्रस्त होने वाला व उससे भिड़ने वाला वाहन किसका है, उसकी पुष्टि नहीं हुई है।
अचानक ब्रेक लगाने से आपस में भिड़ गईं कार
केंद्रीय मंत्री सिंधिया रविवार को दिल्ली से फ्लाइट के जरिए ग्वालियर पहुंचे। यहां ग्वालियर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस पर आयोजित ग्वालियर गौरव दिवस समारोह में भाग लेना है। कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी शिरकत कर रहे हैं। एयरपोर्ट पर आने के बाद जब सिंधिया मुरार एक होटल के शुभारंभ कार्यक्रम में जाने के लिए कारपेट में रवाना हुए, तो कुछ ही देर बाद हादसा हो गया। सिंधिया के काफिले में पीछे चल रही 2 कार अचानक किसी वाहन के ब्रेक लगाने से आपस में भिड़ गईं। इसमें एक कार ज्यादा क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

