LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर में बिल्डर की शिकायत की, रास्ते में रोककर हॉकी डंडों से पीटा

ग्वालियर. ग्वालियर में शिकायत से नाराज बिल्डर ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को बीच सड़क पर घेर लिया और हॉकी, डंडों व सरियों से पीट-पीटकर उसके दोनों पैर तोड़ दिए। यह घटना शनिवार शाम तानसेन नगर रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई। घटना के बाद घायल युवक पुल पर तड़पता रहा। राहगीरों ने जब उसे देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
घायल युवक की पहचान नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह न्यू पीएनटी कॉलोनी, जीवाजी नगर का रहने वाला है। नागेंद्र शनिवार शाम तानसेन नगर स्थित एक बैंक में अपने काम से गया था। बैंक से काम निपटाने के बाद जैसे ही वह तानसेन नगर रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी बिल्डर राहुल शर्मा और पारस सप्रा ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया। नागेंद्र कुछ समझ पाता, उससे पहले ही उन पर लाठी, सरिए और हॉकी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमलावरों ने सिर से लेकर पैरों तक बेरहमी से वार किए। पीटते समय वे बार-बार कह रहे थे अब कर शिकायत और पैरों को निशाना बनाते हुए डंडों से मारा, जिससे दोनों पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर हो गया।
राहगीरों ने बचाई जान
हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने घायल नागेंद्र को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
निर्माण में अनाधिकृत रूप से छज्जे और बालकनियां निकाली
अस्पताल में घायल नागेंद्र ने पुलिस को बताया कि बिल्डर राहुल शर्मा और पारस सप्रा उसके घर के पास एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग (मल्टी) का निर्माण करा रहे हैं। इस निर्माण में अनाधिकृत रूप से छज्जे और बालकनियां निकाली जा रही थीं, जिसकी शिकायत नागेंद्र ने नगर निगम, जिला प्रशासन और कोर्ट में की थी। कोर्ट ने निर्माण हटाने का आदेश भी जारी कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर बिल्डर ने उस पर हमला किया, ताकि उसकी आवाज को दबाया जा सके।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने नागेंद्र सिंह की शिकायत पर राहुल शर्मा, पारस सप्रा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *