ग्वालियर के जेलर के रूम में दिग्विजय का VIDEO, SI की हत्या के प्रयास में बंद NSUI जिलाध्यक्ष से की मुलाकात, गृहमंत्री ने अधीक्षक को निलंबित किया
ग्वालियर. पूर्व CM व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ग्वालियर सेंट्रल जेल पहुंचे। यहां पुलिस सब इंस्पेक्टर की हत्या के प्रयास के आरोप में बंद NSUI के जिलाध्यक्ष शिवराज यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात में सारे नियम तोड़े गए। दिग्विजय ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर जेलर के केबिन में आरोपी से मुलाकात की। इसका VIDEO भी सोशल मीडिया पर कांग्रेसियों ने ही वायरल किया है।
सेंट्रल जेल के अधीक्षक मनोज कुमार साहू को निलंबित
इस मुलाकात की शिकायत गृह विभाग और CM हाउस तक पहुंची। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के आदेश पर ग्वालियर सेंट्रल जेल के अधीक्षक मनोज कुमार साहू को निलंबित कर दिया गया है। गृहमंत्री ने कहा, दिग्विजय सिंह जी 10 साल तक मप्र के मुख्यमंत्री रहे हैं। मैं समझता था कि उन्हें नियम प्रक्रियाओं का ज्ञान होगा कि जेल के अंदर के फोटो वायरल नहीं किए जाते हैं।
मुलाकात सियासी मुद्दा बन गई
मुद्दा मुलाकात से ज्यादा भाजपा-कांग्रेस का हो गया है। अब जेल प्रबंधन से इस मामले में कुछ कहते नहीं बन रहा है। सोमवार को दिग्विजय सिंह एक दिन के प्रवास पर आए थे। सुबह वह उपनगर मुरार में दलित परिवारों से मिलने के बाद सीधे सेंट्रल जेल ग्वालियर पहुंचे थे।

