गृहमंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को भोपाल आएंगे, पांच हेलीपेड तैयार
भोपाल. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को भोपाल आएंगे, वे जंबूरी मैदान में होने वाले वनोपज समिति तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन में शामिल होंगे। जंबूरी मैदान के ठीक सामने पांच हेलीपेड में से किसी एक में शाह का हेलिकॉप्टर लैंड होगा। जंबूरी मैदान में एक लाख से अधिक लोगों के हिसाब से व्यवस्थाएं की जा रही है। जंबूरी मैदान में बड़े डोम तैयार किए जा रहे है। इस मेगा इवेंट की तैयारी भी इसी हिसाब से चल रही है। शाह के लिए मंच तैयार हो रहा है जबकि सामने पंडाल बन रहा है। करीब 150 मजदूर इस काम में लगे है। गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए व्यवस्थाओं की कमान भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने अपने हाथों में ले रखी है।
कटआउट भी लगेंगे, बड़ी LED स्क्रीन लगेगी
सम्मेलन के एक सप्ताह पहले से जंबूरी मैदान में काम शुरू कर दिया गया है। पंडाल बनने के बाद PM नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री शाह, CM शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य बड़े नेताओं के कटआउट बनाए जाएंगे। शाह के भाषण को अंतिम छोर में बैठे लोग भी सुन और देख सकें, इसके लिए बड़ी LED स्क्रीन लगाई जाएगी।
चारों ओर से बैरिकेडिंग
जंबूरी मैदान को चारों ओर से बैरिकेडिंग करके कवर किया जा रहा है। वहीं, हेलीपेड के आसपास भी बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं। यहां पर छोटे-बड़े पांच हेलीपेड बने हुए हैं। इनमें से किसी एक में अमित शाह का हेलिकॉप्टर उतरेगा। बैरिकेडिंग के बाद सुरक्षा के लिए पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। हालांकि, अभी यहां पर बच्चे क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं।

