खरगोन में देर रात फिर से पथराव, उपद्रवियों ने रोड पर बसों में लगाई आग
खरगोन. रविवार को रामनवमी पर शुरू हुए उपद्रव की आग सोमवार देर रात नदी पार पहुंच गई, हालांकि सोमवार को दिनभर शांति रही लेकिन रात करीब 11 बजे कुंदा नदी के दूसरी ओर रहीमपुरा इलाके में पथराव की घटना हुई। उप्रदवियों ने खंडवा रोड पर दो बसों में आग लगा दी। यह घटना कफ्यू्र के दौरान हुई। खरगोन में रविवार रात में ही 3 दिन तक कर्फ्यू लगा दिया गया था।
इससे पहले सोमवार को दिनभर पत्थरबाजी करने वाले लोगों की धरपकड़ जारी रही। इंदौर कमिश्नर डॉ. पवन शर्मा और आईजी राकेश गुप्ता के निर्देशन पर ये कार्रवाई की गई। अब तक 84 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 77 उपद्रवियों को रविवार की रात में ही पकड़ा गया था। इनके बाद सोमवार को 7 लोगों को पकड़ा। इनमें से 19 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। प्रशासन ने आरोपियों के मकानों और दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई भी की। छोटी मोहन टॉकीज इलाके में 4 मकान और 3 दुकान, खसखसवाड़ी में 12 मकान और 10 दुकान, गणेश मंदिर के पास 1 दुकान, औरंगपुरा में 3 दुकान और तालाब चौक में 12 दुकानों पर कार्रवाई की गई।
8वीं और कॉलेज की परीक्षाएं स्थगित
खरगोन शहर में आयोजित होने वाली कक्षा 8वीं और कॉलेज की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। कलेक्टर अनुग्रहा ने बताया कि हालात सामान्य होने पर छूटे पेपर की परीक्षाएं ली जाएगी। प्रशासन ने शहर में 3 दिन के कर्फ्यू के आदेश जारी किए है। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। आसपास के जिलों से भी पुलिस पहुंचा है। बिना अनुमति किसी भी आयोजन का किसी भी तरीके से प्रचार प्रसार को प्रतिबंधित किया गया है। अगर कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो, प्रतिक्रिया या अफवाह फैलाने जैसी गतिविधियां पोस्ट करता है तो एडमिन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

