अध्यापक संवर्ग के 700 प्राथमिक शिक्षकों का रूक गया वेतन
इंदौर. जिले के अध्यापक संवर्ग के 700 प्राथमिक शिक्षकों का सितंबर माह तक का वेतन अभी तक नहीं मिल पाया है। शिक्षा विभाग को 3 अक्टूबर तक डिमांड भेजना होती है लेकिन इस बार यह डिमांड भेजने में देरी हुई है। इस कारण अभी तक वेतन नहीं मिल पाया है। पूरे प्रदेश में लगभग 50 हजार प्राथमिक शिक्षक है। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष के के आर्य ने बताया कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया है। इंदौर जिले के प्राथमिक शिक्षकों का वेतन भुगतान कराने का कष्ट करें। समय पर वेतन बिल प्रस्तुत न करने वालों पर कार्रवाई कर समय पर वेतन भुगतान कराने का कष्ट करें।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संकुल प्राचार्यो व विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को हर माह की 25 तारीख तक वेतन बिल विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के आदेश दिए है लेकिन संकुल प्राचार्यो द्वारा समय पर वेतन बिल तैयार न करने के कारण अध्यापक संवर्ग के प्राथमिक शिक्षकों को सितंबर का वेतन नहीं मिल पाया है।

