हॉकी में जीत के लिए जल्दी- जल्दी पास करें बॉलः प्रो. अविनाश तिवारी
ग्वालियर. वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी मैन चैंपियनशिप की विजेता सावित्री बाई फुले पुणे और उपविजेता एलएनआईपीई बनी, अपने कॉलेज के दिनों में मैं भी हॉकी खेलता था। इस खेल की खास बात है कि यदि आप इसे जीतना चाहते हैं तो बॉल को जल्दी- जल्दी पास करें, इसे रोककर न रखें। यह बात प्रो. अविनाश तिवारी ने कही। वह रविवार को जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर चल रही वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी मैन चैंपियनशिप के समापन अवसर पर अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजा मानसिंह तोमर संगीत व कला विवि के कुलपति प्रो. साहित्य कुमार नाहर रहे। जेयू के कार्यपरिषद सदस्य डॉ. शिवेंद्र सिंह राठौड़ विशेष तौर पर मौजूद रहे।
जेयू के स्पोर्ट्स विभाग की ओर से निदेशक प्रो. विवेक बापट, हेड ऑफिशियल शत्रुघ्न सिंह सहित डॉ. मनोहर कटारिया, डॉ. त्रिलोक सिंह चाहर, डॉ. प्रमोद नरवरिया, डॉ. दिवाकर पाल, डॉ. अंशुरानी सिंह, डॉ. हरेंद्र सिंह मौजूद रहे। संचालन डॉ. सोनेश पुनिया ने व आभार डॉ. लखविंदर सिंह ने व्यक्त किया।
हार के कारणों को जानकर करें दूर
राजा मानसिंह तोमर संगीत व कला विवि के कुलपति प्रो. साहित्य कुमार नाहर ने कहा कि मेरा अनुभव है कि जीत की अपेक्षा हार आपको ज्यादा सिखाती है। हार के कारणों को जानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करो और आगे बढ़ो। जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर चल रहे 6 दिवसीय इस टूर्नामेंट की विजेता सावित्री बाई फुले यूनिवर्सिटी पुणे बनी, जिसने 7 अंकों के साथ गोल्ड को अपने नाम किया। उपविजेता का खिताब एलएनआईपीई ग्वालियर को मिला, जिसने 5 अंकों के साथ सिल्वर पर कब्जा जमाया। तीसरे नंबर पर 4 अंकों के साथ यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई रही, जिसे ब्रांज मिला। चौथे नंबर पर जीरो अंकों के साथ पारूल यूनिवर्सिटी रही।

