सेना ने 4 आतंकियों को घेरा, देर रात बारामूला में भी मुठभेड़ शुरू
जम्मू कश्मीर. किश्तवाड के चत्तरू में शुक्रवार रात को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड में सेना के 2 जवान शहीद हो गए। इनकी पहचान व्हाइट नाइट कॉर्प्स के नायब सूबेदार विपिन कुमार और सिपाही अरविंद सिंह के रूप में हुई है। 2 और घायल जवानों का इलाज चल रहा है। सुरक्षाबलों ने पिंगनल दुगड्डा के जंगलों में छिपे 3 से 4 आतंकियों को घेर रखा है। मुठभेड अभी भी जारी है। चत्तरू बेल्ट के नैदघाम इलाके में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया था तभी मुठभेड हुई। इधर शुक्रवार देर रात बारामूला के चक टेपर क्रीरी पट्टन इलाके में भी मुठभेड शुरू हो गई है। कश्मीर जोन पुलिस ने यह जानकारी दी।
दो दिन पहले दो आतंकी मारे गए
दो दिन पहले उधमपुर में सुरक्षाबलों से एनकाउंटर में 2 आतंकी मारे गए थे। सेना ने बताया कि आर्मी के फर्स्ट पैरा के जवानों को बुधवार सुबह उधमपुर के खंडरा टॉप के जंगलों में 2-3 आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दोपहर 12.50 बजे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग की। जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की। करीब चार घंटे चले एनकाउंटर के बाद सुरक्षाबलों ने तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया।

