बीजेपी नेत्री और तहसीलदार की आपस टकराई गाडि़यां, सडक पर हंगामा, किसी को नहीं आई चोट
ग्वालियर. भितरवार में तहसीलदार और बीजेपी की जिला मंत्री ममता खटीक की गाडि़यां आमने-सामने से टकरा गयी। यह घटना आज तहसील के पास हुई। घटना में किसी का चोट नहीं लगी है। लेकिन दोनों गाडि़यां क्षतिग्रस्त हो गयी। घटनास्थल पर जमककर हंगामा हुआ है। हालांकि बाद में आपसी समझौते से मामला निपट गया और किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
बीजेपी नेता ममता खटीक के भतीजे अभिषेक खटीक अपनी स्विफ्ट डिजायर कार एमपी07 सीके 9303 चला रहे थे। उन्होंने बताया है कि वह काली माता मंदिर के पास रूके हुए थे। तभी सामने से तहसीलदार की गाड़ी हूटर बजाते हुए तेज रफ्तार से आयी। अभिषेक के मुताबिक, चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिये। जिससे गाड़ी पत्थरों पर चढ़कर रूकी और उनकी स्विफ्ट कार क्षतिग्रस्त हो गयी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि तहसीलदार की गाड़ी में कोई नहीं था। केवल चालक ही चला रहा था।
दूसरी ओर, तहसीलदार के ड्राइवर का कहना है कि वह सामान्य गति से तहसील की ओर जा रहा था। इसी दौरान अभिषेक खटीक अपनी कार लेकर अचानक काली माता मंदिर की तरफ से सड़क पर आ गए और उन्होंने बीच रोड पर ब्रेक लगा दिए। ड्राइवर के मुताबिक, इसी वजह से उनकी गाड़ी अभिषेक की कार से टकरा गई।
गाड़ियों के टकराने के बाद घटनास्थल पर स्थानीय रहवासियों की भीड़ जमा हो गई और दोनों चालकों के बीच बहस शुरू हो गई। उन्होंने एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। हालांकि, भाजपा नेत्री ने तहसीलदार के चालक पर लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है।

