शेयर मार्केट में भारी गिरावट, शहर के व्यापारियों के डूबे करोड़ों रुपए
ग्वालियर. शेयर मार्केट में पिछले दो दिनों में आई भारी गिरावट के कारण निवेशकों को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है, महज दो दिनों में करीब 80 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान होने के कारण उन्हें बड़ा झटका लगा है, ऐसे में उन निवेशकों को और भी अधिक नुकसान हुआ है, जो बिना सोचे समझें शेयर बाजार में पैसा फंसा देते हैं। शेयर बाजार में लगातार दो दिन हुई बड़ी गिरावट के चलते शहरी निवेशकों को भी करीब 80 करोड़ से अधिक की चपत लगा दी है। बताया जाता है सबसे अधिक नुकसान इंट्रा डे और नए निवेशकों को उठाना पड़ा है। शेयर बाजार के लगातार नीचे जाने के कारण निवेशक हर कदम फूंक-फूंककर रख रहे हैं पर लगातार हो रही गिरावट ने उन्हें परेशान कर दिया है। शुक्रवार को सुबह के समय जब शेयर बाजार में सर्किट लगा तो शहरी निवेशकों के चेहरों पर हवाइयां उड़ रही थीं।
इसलिए नए निवेशकों की दिक्कतें बढ़ीं
शेयर बाजार के धड़ाम से टूटने का असर नए निवेशकों पर देखने को मिला है। जानकारों के मुताबिक ऐसे निवेशक ऑनलाइन खुद ही अपना काम करते हैं और शेयर के फंडामेंटल देखते-परखते नहीं हैं। बिना सोचे-समझे खरीदे शेयरों के चलते इस तबके को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा है।
1,000 करोड़ का निवेश
शहर की जनसंख्या 15 लाख के करीब है। शेयर बाजार से जुड़े लोगों का मानना है कि इसमें से करीब डेढ़ से दो लाख लोग शेयर बाजार में निवेश का काम करते हैं और शहर के निवेशकों ने शेयर बाजार में लगभग 1,000 करोड़ रुपए निवेश किए हुए हैं। दो दिन हुई गिरावट के चलते शहरवासियों को करीब 80 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है।

