Newsराजनीतिराज्य

रेलवे बोर्ड का ग्रीन सिग्नल मिलते ही ग्वालियर-सुमावली के बीच सितम्बर के अंत तक दौड़ सकती है ट्रेन

ग्वालियर. जल्द ही ग्वालियर -सुमावली के नई डाली गयी ब्राडगेज रेलवे लाइन पर इसी महीने ट्रेन चलाई जा सकती है। रेलवे की तरफ से पूरी तैयारी है। केवल रेलमंत्री और रेलवे बोर्ड से इसकी औपचारिक स्वीकृति का इंतजार है। ग्वालियर-सुमावली रेल खंड ग्वालियर-श्योपुर रेल खंड का भाग है। जो गेज परिवर्तन में नैरोगेज से ब्राडगेज में बदला जा चुका है। ब्राडगेज लाइन के बाद सीआरएस ने इस पर ट्रायल कर रिपोर्ट भी रेलवे बोर्ड को सौंप दी है।
ग्वालियर-श्योपुर ब्राडगेज रेलवे ट्रैक के निर्मार्ण कार्य में पिछले 2 महीने पूर्व ही ग्वालियर-सुमावली तक का 30 किमी का रेलखण्ड पूरा हो गया हे। इसमें रायरू होकर बामौर गांव से सुमावली तक लाइन बिछाई गयी है। सभी जगह पुरान रेल स्टेशन भवन के जीर्णोद्वार कर स्टेशन बनाये गये है और रेलवे सुरक्षा बल की चौकी भी सक्रिय कर दी गयी है। इधर ग्वालियर -सुमावली गेज कन्वर्जन ब्राड गेज में ट्रेन को विद्युतीकरण के तहत इलेक्ट्रिक इंजन से चलाने की तैयारी है। सभी जगह उच्च दाव वाली ओएचई लाइन लगी है और उसमें 25हजार वोल्टेज की विद्युत भी प्रवाहित कर दी गयी है। पिछले दिनों सीआरएस (कमिश्नर रेलवे सुरक्षा) ने भी इलैक्ट्रिक इंजन के साथ विधिवत ट्रेल चलाकर परीक्षण कर लिया है। अब केवल रेलवे बोर्ड और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव की फायनल स्वीकृति की जरूरत है। सीआरएस ने वैसे रेलवे ट्रैक को संचालन के लिये हरी झंडी भी दे दी है।
सुमावली से आगे गेज बदलने का काम जारी
सुमावली के 30 किमी रेलखंड के बाद श्योपुर तक के 170 के शेष बचे रेलखंड पर भी तेजी से ब्राडगेज लाइन बिछाने का कार्य जारी है। रेलवे सूत्रों के अनुसार जैसे-जैसे ब्राडगेज लाइन बिछाई जायेगी। उस पर सीआरएस के निरीक्षण के बाद ट्रेन आगे तक चलाई जा सकेगी।
रेलवे बोर्ड का ग्रीन सिग्नल मिलते दौड़ेगी ट्रेन
झांसी मंडल उत्तर मध्य रेल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया है कि ग्वालियर-सुमावली रेलखंड पर ब्राडगेज लाइन, ओएचई व सिग्नलिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। सीआरएस का निरीक्षण हो चुका है। रेलवे बोर्ड से उच्च स्तर पर आदेश आते ही ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जायेगा। इससे स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
विधानसभा चुनाव पहले ट्रेन चलने की संभावना
रेल मंत्रालय ग्वालियर-सुमावली रेलखंड पर विधानसभा चुनाव से पहले एक नयी पैसेंजर ट्रैन चलाने की तैयारी में है। यह ट्रेन इटावा से आने वाली पैसेंजर ट्रेन हो सकती है। जो ग्वालियर आकर खड़ी रहती है। इसे अब सुमावली तक चलाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *