मेले में नाबार्ड के सहयोग से लगे स्व-सहायता समूहों के उत्पाद सैलानियों के आकर्षण का केन्द्र बने
ग्वालियर स्टार्टअप एवं स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों को बेचने के लिये प्लेटफार्म उपलब्ध कराने में नाबार्ड द्वारा मदद प्रदान की जाती है। ग्वालियर व्यापार मेले में भी नाबार्ड ने अपनी इसी नीति के तहत स्व-सहायता समूहों व स्टार्टअप को प्लेटफार्म उपलब्ध कराए हैं। मेला परिसर में फैसिलिटेशन सेंटर के समीप लगे शिल्प बाजार में नाबार्ड ने स्व-सहायता समूहों और र्स्टाटअप के पाँच स्टॉल लगवाए हैं।
नाबार्ड के जिला विकास अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि फैसिलिटेशन सेंटर के समीप लगे शिल्प बाजार में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय की एग्रीबिजनेस इक्यूबेशन एण्ड एंटरप्रेन्योरशिप (सीएआईई) योजना से जुड़ीं दो इकाईयों (स्टार्टअप) को स्टॉल उपलब्ध कराया है। इन स्टार्टअप द्वारा गोबर शिल्प और जलकुम्भी से तैयार एक से बढ़कर एक कलात्मक उत्पाद शिल्प बाजार में सजाए गए हैं जो सैलानियों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं।
इसी तरह चंदेरी, अशोकनगर के पाकीजा स्व-सहायता समूह द्वारा चंदेरी हैंडलूम के सूट, साड़ियां व दुपट्टे का स्टॉल नाबार्ड के सहयोग से लगाया गया है। इंदौर के साझा समृद्धि स्व-सहायता समूह द्वारा रशियन लकड़ी से तैयार अद्वितीय बटुए व पर्स मेले में आ रहे सैलानियों को लुभा रहे हैं।

