भीम आर्मी का ग्वालियर बंद बेअसर, पुलिस सुबह से सतर्क, खुली दुकानें, दौड़े वाहन
ग्वालियर. पदोन्नति में आरक्षण के विरोध को लेकर सोशल मीडिया पर भारत बंद करने का आह्वान भीम आर्मी द्वारा किया गया जिसके चलते सुबह से ही गली, मोहल्लों में पुलिस सायरन बजाते हुए लोगों को सचतेत कर रही है कि वह कानून व्यवस्था को अपने हाथों में न लें। आज सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों पर शस्त्रधारी जवानों को तैनात किया गया है तो सर्किल के सीएसपी व थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे है। बंद को लेकर व्यापारियों में भय बना हुआ था लेकिन सुबह 11 बजे तक जैसे-जैसे बाजार खुलता गया तो सभी व्यापारी अपने शटर उठाकर कारोबार करने में जुट गए। वाहन चालक भी अपने वाहनों को दौड़ाते हुए आ रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 1200 जवानों तैनात रहे
शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 1200 जवानों और अफसरों को तैनात किया गया है। पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने बताया कि कानून व्यवस्था के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा जो लोग कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेंगे उन्हें हवालात का रास्ता दिखाया जाएगा। शहर के प्रमुख चौराहों पर फिक्स पिकेट लगाए गए है इसके अलावा मोबाइलें भी पेट्रोलिंग करते हुए नजर आ रही है। पुलिस की टीमें सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है।
मुरार, थाटीपुर व गोला का मंदिर पर पैनी नजर
भीम आर्मी द्वारा आरक्षण बचाओ आंदोलन के तहत आज भारत बंद का आह्वान किया गया है जिसके चलते मुरार, थाटीपुर और गोला का मंदिर थाना क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर बनी है। निचली बस्तियों में भी शस्त्रधारी जवानों को तैनात किया गया है। थाटीपुर और मुरार के कुम्हरपुरा, काल्पी ब्रिज कॉलोनी, नदी पार टाल, भीम नगर सहित मोहल्लों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है क्योंकि कुछ समय पहले 2 अप्रैल को यहीं से विवाद का आगाज हुआ था।

