ब्रेक फेल बस ने लेडी डॉक्टर को कुचला, 8 गाडि़यों को मारी टक्कर, 6 घायल, इश्योरेंस-फिटनेस थी एक्सपायर
भोपाल. बाणगंगा चौराहे पर स्कूल बस ने 8 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में इंटर्नशिप कर रही लेडी डॉक्टर की मौत हो गयी। जबकि 8 लोग घायल है। 2 की हालत नाजुक है। ऐसा बताया गया है कि बस के ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है। इसका वीडियो भी सामने आया है। हादसे के बाद ड्रायवर घटनास्थल से भाग निकला।
टक्कर से उछली डॉक्टर को बस ने 50 फीट घसीटा
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि रेड सिग्नल के दौरान बाणगंगा चौराहे पर गाडि़यां आकर रूकी। इस बीच एक स्कूल बस पीछे से तेज रफ्तार में आयी और आगे खड़ी गाडि़यों को कुचलते हुए बढ़ गयी। बस के ठीक सामने खड़ी स्कूटी पर बैठी युवती उसकी टक्कर से उछली। वह स्कूटी सहित बस के अगले हिस्से में फंस गयी। लगभग 50 फीट तक घिसटने के बाद स्कूटी बस के अगले हिस्से से निकली तो युवती अगले पहिये के नीचे आ गयी।
कार्ड बांटते वक्त मां को मिली मौत की खबर
हादसे में जान गंवाने वाली आयशा खान बीएएमएस डॉक्टर थीं। मुल्ला कॉलोनी निवासी आयशा जेपी हॉस्पिटल में इंटर्नशिप कर रही थीं। वहीं से घर लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गईं।आयशा के पिता जाहिद खान जबलपुर में इंडियन बैंक में मैनेजर हैं। एक छोटा भाई है। अगले महीने 14 तारीख को आयशा की शादी तय है। मां कार्ड बांटने गई थी, इसी दौरान बेटी की मौत की सूचना मिली। हादसे में गंभीर रूप से घायल रईस और फिरोज मजदूरी करते हैं। वे एक ही बाइक पर थे। उन्हें पहले हमीदिया अस्पताल ले जाया गया था। फिर परिजन प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए।
देखिए हादसे की 4 तस्वीरें…





