बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता असरानी का निधन
मुंबई. फिल्म शोले में जेलर का किरदार निभाने वाले पॉपुलर एक्टर गोवर्धन असरानी का सोमवार दोपहर 1 बजे हुआ। वे 84 साल के थे। असरानी के मैनेजर बाबू भाई थिबा ने बातचीत में उनके निधन की खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि असरानी को 4 दिन पहले अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके फेफड़ों में पानी भर गया था। परिवार ने एक्टर का अंतिम संस्कार सांताक्रूज के शांतिनगर स्थित श्मशान में किया। निधन की खबर सामने आने से कुछ समय पहले ही असरानी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट के जरिए दिवाली की शुभकामनाएं दी गई थीं।
मौत को राज रखा चाहते थे असरानी
असरानी के साथ पिछले 20 सालों से काम कर रहे उनके मैनेजर बाबू भाई थिबा ने बताया कि असरानी खुद चाहते थे कि उनकी मौत की खबर किसी को न दी जाए। उन्होंने ये इच्छा अपनी पत्नी मंजू बंसल के सामने जाहिर की थी। उन्होंने पत्नी से कहा था कि मेरी मौत के बाद कोई हंगामा न हो, जब अंतिम संस्कार हो जाए, तब ही सबको खबर देना। यही वजह रही कि महज परिवार की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसमें महज 15-20 लोग ही शामिल थे। इंडस्ट्री में खबर नहीं दी गई, जिससे इंडस्ट्री से जुड़ा कोई सदस्य अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ।

