बुधनी-विजयपुर में प्रचार करने नहीं आए सिंधिया, भाजपा में झगड़े
भोपाल. बुधनी और विजयपुर उपचुनाव के प्रचार का शोर सोमवार शाम थम गया। बुधनी में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तो विजयपुर सीट पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रचार में पूरी ताकत झोंकी। सीएम डॉ. मोहन यादव दोनों सीट पर प्रचार करने पहुंचे। कांग्रेस की ओर से पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने विजयपुर में डेरा डालकर गांव-गांव में कांग्रेस कैंडिडेट के लिए वोट मांगे। मध्यप्रदेश की दोनों सीट पर हुए उपचुनाव के प्रचार से कांग्रेस और बीजेपी के दो दिग्गजों ने दूरी बनाकर रखी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस के सीनियर लीडर व पूर्व सीएम कमलनाथ प्रचार करने नहीं पहुंचे। इस पर कांग्रेस और भाजपा के अपने-अपने तर्क हैं।
बीजेपी प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया महाराष्ट्र चुनाव प्रचार में लगे हैं। भाजपा में हर नेता के पास अलग-अलग जिम्मेदारी होती है। वे सब अपने दायित्व निभा रहे हैं लेकिन कांग्रेस के कई नेता गायब हैं। उमंग सिंघार तो मुंह दिखाकर गायब हो गए। भंवर जितेंद्र सिंह गायब हैं। कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए।

