बीड़ी जमीन पर फेंकते ही लगी आग, हेयर सैलून पर शेव कराने आया युवक झुलसा
ग्वालियर. हेयर सैलून पर सेव कराने आया एक युवक आग से जलकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के जीवाजीगंज स्थित समरथ मेन्स सैलून की है। घटना का पता चलते ही वहां मौजूद लोगों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक युवक करीब अस्सी प्रतिशत तक जल गया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए भर्ती करा दिया है। फिलहाल युवक की हालत गंभीर है। पुलिस पड़ताल में पता लगा था कि जहां जलती बीड़ी गिरी थी वहां कुछ देर पहले पेट्रोल फैला था।
शहर के सागरताल स्थित आनंद नगर निवासी राहुल राठौर एक प्राइवेट फर्म में जॉब करता है। शाम के समय वह जीवाजीगंज स्थित समरथ मेन्स हेयर सैलून पर सेव कराने आया था। यहां पर सेव कराने के बाद उसने बीड़ी जलाई और सीट पर बैठकर पीने लगा। बीड़ी पीने के बाद जलती बीड़ी उसने जमीन पर फेंकी तो अचानक वहां आग लग गई और राहुल आग की चपेट में आ गया। अचानक आग लगती देखकर सभी लोग बाहर भागे। जब पता चला कि राहुल आग घिरा हुआ है तो कुछ लोग अंदर पहुंच तब तक राहुल जल गया था। किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन उससे पहले ही राहुल करीब अस्सी प्रतिशत जल गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग से जले राहुल को उपचार के लिए भर्ती कराया है।

