बिहार समेत 3 राज्यों में 57 लोगों की मौत, असम में 7 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित, रेलवे ट्रैक बना बसेरा
पटना. मानसून से पहले कुछ राज्यों में आंधी और बारिश तबाही बनकर आई है। अकेले बिहार, असम और कर्नाटक तीन ऐसे राज्य हैं, जहां बिजली गिरने और बाढ़ की चपेट में आने से करीब 57 लोगों की जान चली गई है। असम में तो हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां ब्रह्मपुत्र और उसके साथ बहने वाली नदियों में बाढ़ ने इस कदर तबाही मचा रखी है कि सैकड़ों गांव जल समाधि ले चुके हैं। वहीं 7 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। फसलें भी चौपट हो गई हैं।
असम में 500 से ज्यादा लोग रेलवे ट्रैक पर रहने को मजबूर हैं। यहां अब तक 15 लोगों की जान चली गई है। सबसे ज्यादा 33 मौतें बिहार में बिजली गिरने से हुई हैं। वहीं कर्नाटक में भी 9 लोगों की मौत की खबर है।
बिहार में शुक्रवार को आंधी तूफान और बिजली गिरने से 16 जिलों में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई। सीएम नीतीश कुमार ने घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया। राज्य मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार और रविवार को कुछ हिस्सों में आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसकी वजह है कि यहां प्री-मानसून गतिविधियां अब सक्रिय हो गई हैं।

