फिर से देशी शराब माफिया सक्रिय, गांवों में छापा मार रही है पुलिस
ग्वालियर. मुरैना में देशी शराब माफिया फिर से सक्रिय हो गये हैं। पुलिस ने हाल ही में महेबापुरा गांव में छापा मारा जहां लहान से भरे 2 ड्रम पकड़े गये थे। इन ड्रमों में 55 लीटर लहान भरा पाया गया था। इसके पहले बित्त का पुरा में छापा मारा था जिसमें बड़ी मात्रा में लहान के ड्रम लोगों के घर, खेतों तथा तालाब केअन्दर गढ़े पाये गये थे। मुरैना पुलिस ने इन देशाी शराब माफिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आपको बता दें कि जिले में देशी शराब से पहले 15 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि यह मामला करीब डेढ़ वर्ष पहले का है। लेकिन जिला प्रशासन इस मामले को लेकर लेकर सतर्क हो चुका है। इसके बावजूद जिले में शराब माफिया गुड़ व लहान से शराब बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। यह माफिया जिले के कई गांवों में फैले हुए हैं।
घर पर ही तैयार हो रही थी शराब
आपको बता दें कि जिले के दिमनी क्षेत्र के बित्त का पुरा, चिन्ते का पुरा, महेवा का पुरा, रूअर गांव मुख्य रूप से शामिल है। इन गांवों में बडी मात्रा में अवैध देशी शराब बनायी जाती है।
लहान से तैयार करते है शराब
इन गांवों में लहान व गुड़ से देशी शराब तैयार करते हैं, इसमें लहान से भरे ड्रम खेतों व तालाब के नीचे गाढ़ दिये जाते हैं। जब लहान पक जाता हैं तब उसे गर्म करके उसकी भाप से शराब तैयार की जाती है। गांव-गांव शराब बनाने का यह कारोबार फिर से तेजी पकड़ता जा रहा है।
कहते हैं अधिकारी
देशी शराब माफिया के खिलाफ पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। हम जल्द ही अन्य गांवों में छापा मारकर माफिया को गिरफ्त में ले लेंगे। इसमें जो भी पकड़ा जाएगा उसे बिल्कुल नहीं बख्शा जाएगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

