पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती गिरफ्तार, SC-ST एक्ट में दर्ज थी FIR, जान से मारने की धमकी का हैं आरोप
ग्वालियर. दतिया में गुरूवार की सुबह पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने बताया है कि उन पर जान से मारने की धमकी के आरोप हैं। इसके साथ ही उन पर एससी-एसटी एक्ट के तहत भी एफआईआर दर्ज है। इन कारणों से उनकी गिरफ्तारी की गयी है इसकी पुष्टि स्वयं एसपी अमनसिंह राठौर ने की हैं।
क्या है पूरा मामला
बुधवार को महिला राधाबाई मोगिया ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के खिलाफ जान से मारने की धमकी और SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज किए जाने के बाद कोतवाली, सिविल लाइन, चिरुला, डीपार थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ गुरुवार की सुबह राजेंद्र भारती के निवास पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टीम सबसे पहले MLC कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां उनका सबसे पहले कोविड जांच के बाद गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई। इधर पूर्व विधायक की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही कांग्रेस के बाकी नेता भी कोतवाली पहुंच गए। सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा, दीपेंद्र पुरोहित, केशव यादव सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने SP अमन सिंह राठौर से मिलकर पूर्व विधायक भारती की गिरफ्तारी के मामले में ज्ञापन सौंपकर को छोड़ने की मांग की। वहीं पुलिस ने बताया कि उन्हें जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आंदोलन के 7 दिन बाद FIR
मोगिया परिवार पिछले एक सप्ताह से पूर्व विधायक भारती के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए आंदोलन कर रहा था। बुधवार को भी पूर्व विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर सहरिया विकास परिषद ने आदिवासी परिवारों को साथ लेकर नगर में एक बड़ी रैली भी निकाली थी। इससे पूर्व 2 दिन पहले ही सहरिया क्रांति के नेता संजय बेचैन ने भी मोगिया आदिवासियों की मांग को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा था।

