पहली बार इंदौर से महू तक ड्रोन से पहुंचाया ब्लड, 16 मिनट में इंदौर से महू पहुंचा, एम्बूलेंस से 1 घटा लगता
इन्दौर. पहली बार ड्रोन की सहायता से महज 16 मिनट में इन्दौर से महू तक ब्लड पहुंचाया गया। ड्रोन ने इन्दौर से महू तक लगभग 25 किमी की दूरी महज 16 मिनट में तय की। जबकि एम्बूलेंस को वहां तक पहुंचने में एक घंटे का वक्त लग जाता है। गंभीर मरीजों को तुरंत आकस्मिक चिकित्सा पहुंचाने में यह काफी मददगार हो सकता है। ब्लड बॉक्स को लेकर ड्रोन ने दोपहर 12.18 बजे उड़ान भरी और 12.34 बजे महू में सुरक्षित उतार लिया गया और वापिसी में इन्दौर आने में इसे 17 मिनट का समय लगा।
एम्स ने फरवरी में ड्रोन से भेजी थीं जीवनरक्षक दवाएं
एम्स भोपाल में प्रदेश का पहला सफल ड्रोन परीक्षण 13 फरवरी को किया था। ड्रोन के जरिए एम्स भोपाल से गौहरगंज पीएचसी तक सिर्फ 20 मिनट में जीवन रक्षक दवाओं की डिलीवरी की गई। इसके बाद ड्रोन वहां से मरीज का ब्लड सैंपल लेकर भी आया था।

