पन्ना राजघराने की महारानी जीतेश्वरी देवी गिरफ्तार
पन्ना. मध्यप्रदेश में पन्ना राजघराने की महारानी जीतेश्वरी देवी को शुक्रवार को पन्ना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महारानी को आज कोर्ट में पेश करेगी। जीतेश्वरी देवी गुरूवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूजन में शामिल होने के लिये पन्ना के प्रसिद्ध मंदिर श्री जुगल किशोर जी के मंदिर में पहुंची थी। रात में 12 बजे भगवान का जन्म हुआ। इस दौरान राजघराने की परंपराओं का निर्वहन करते हुए चवर डुलाने और पूजन इत्यादि की बात को लेकर उनका परमंदिर के कर्मचारियों से वाद-विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस ने उनको वहां से बाहर कर दिया।
क्या है घटनाक्रम
इस घटनाक्रम को लेकर देर रात तक हंगामा मचा रहा और उसके बाद मंदिर के कर्मचारियों की शिकायत पर महारानी जीतेश्वरी देवी को शुक्रवार की सुबह बाजार से गुजरते समय गिरफ्तार कर लिया गया। आपको बता दें कि श्रीजुगलकिशोर जी का मंदिर बहुत ऐतिहासिक है और पन्ना राजघराने के पूर्व के राजाओं के द्वारा इसे बनाया गया था। पन्ना के सभी मंदिरों में राज परिवार के सदस्यों के जाने की विशेष भूमिका रही है। जीतेश्वरी देवी को धार्मिक भावनायें भड़काने का आरोपी मानते हुए पन्ना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

