पड़ोसियों ने युवक को पटक कर लात घूसों से पीटा, पत्थर से सिर फोड़ा
ग्वालियर. एक युवक को सड़क पर पटक कर मारपीट करते पड़ोसियों का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आये हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आधा दर्जन पड़ोसी युवक को लात-घूसों और पत्थर से बेरहमी से पीट रहे हैं। ऐसा पता चलता है कि मारपीट करने वाले पड़ोसी शामलाती भवन को तोड़ रहे थे। जिसका युवक ने विरोध किया था।
पड़ोसियों द्वारा मारपीट करने से युवक के सिर में गंभीर चोट आयी है। इतना ही नहीं युवक की पत्नी उसे बचाने पहुंची तो पड़ोरियों ने उसकी भी मारपीट कर दी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस बल घटनास्थल पहुंचा था। जहां सिर में पत्थर लगने घायल युवक को इलाज के लिये जयारोग्य चिकित्सालय में भर्ती कराया है। फिलहाल पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर मारपीट करने वाले 4 पड़ोसियों पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
क्या है घटनाक्रम
थाटीपुर थाना क्षेत्र के कुम्हरपुरा रपट पर 30 बर्षीय राजेश अपनी पत्नी रचना और दो बच्चों के साथ रहता है। जहां राजेश रहता है, और पड़ोस में ही एक शामलाती भवन है जिसको लेकर राजेश और उसके पड़ोसियों का कोर्ट में केस चल रहा है। और मामला अभी विचारधीन है। इसके बावजूद भी शामलाती भवन को पड़ोसी गुलाब, नारायणी, बल्लू उर्फ राजेश जीतू, कमलेश रोजिया, पिन्कू उर्फ योगेश मनोज के द्वारा नगर निगम की अनुमति के बिना तोड़कर निर्माण करा रहे थे। यह शामलाती भवन राजेश के दादाजी ओक्षा, शिवलाल, गनपत पुत्र झिगुरिया के नाम है। जिसका बटवारा अभी तक नहीं हुआ है। राजेश ने जब पड़ोसियों को रोकने का प्रयास किया तो पड़ोसी गाली-गलौज कर झगड़ा करने लगे जब उसने विरोध किया तो पड़ोसियों ने उसे सड़क पर ही पटककर लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उस दौरान एक पड़ोसी ने सड़क से पत्थर उठाकर राजेश के सिर में मारना शुरू कर दिया। जिससे उसके सिर में गहरी चोट आई है। वहीं सड़क पर हो रहे हंगामे और मारपीट को देखकर वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
पुलिस बोली
थाटीपुर थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि शामलाती भवन को लेकर दो पड़ोसियों में विवाद हो गया था, विवाद के दौरान कुछ पड़ोसियों द्वारा मारपीट करने से एक युवक को गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने पर थाने का बल मौके पर पहुंचा था जहां घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

