देहदान का संकल्प लेकर बुजुर्ग अशोक मजूमदार ने अपनी पीठ पर गुदवाया यह वाक्य
मेरा यह शरीर मृत्यु के बाद मेडीकल कॉलेज की सम्पत्ति होगा…..
समाज के लिये प्रेरणा बनी है मजूमदार जी की यह पहल
ग्वालियर -जीवन के 84 बसंत देख चुके वरिष्ठ नागरिक अशोक मजूमदार ने समाज के लिये प्रेरणादायी कदम उठाया है। उन्होंने मृत्यु के बाद अपने शरीर को गजराराजा मेडीकल कॉलेज ग्वालियर की सम्पत्ति घोषित कर दिया है। देह दान के प्रति अशोक मजूमदार के दृढ़ संकल्प का अंदाजा, इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने बहुत पहले से अपनी पीठ पर स्थायी रूप से गुदवा रखा है कि मेरा यह शरीर मृत्यु के बाद मेडीकल कॉलेज की सम्पत्ति हो जायेगा। उल्लेखनीय है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देह दान एवं अंग दान जैसी मानवता की सेवा एवं जीवन मूल्यों के प्रति समर्पित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है।
लाला का बाजार ग्वालियर निवासी अशोक मजूमदार रीढ़ की हड्डी में नसों के दबाव के कारण आई पैरालिसिस की शिकायत की जाँच के लिये मेडीकल कॉलेज से जुड़े अस्पताल जेएएच में आए थे। न्यूरो सर्जन न्यूरोसर्जन डॉ. अवधेश शुक्ला ने उनका इलाज और सफल ऑपरेशन किया। इसी दौरान डॉ. शुक्ला को उनकी पीठ पर एक टैटू गुदा हुआ दिखा, जिस पर लिखा था “प्रोपर्टी ऑफ मेडीकल कॉलेज”। समाज के प्रति मजूमदार जी का समर्पण देखकर चिकित्सकगण अत्यंत प्रभावित हुए। यह बात जब गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड को पता चली तो उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप अशोक मजूमदार को बीते रोज सम्मानित किया।

