तहसीलदार के बंगले से 1 करोड़ रूपये जब्त
हैदराबाद. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शनिवार की रात एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने किसारा मण्डल के तहसीलदार बालाराजू नागाराजू के बंगले और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। दरअसल, एसीबी के अधिकारियों ने शुक्रवार को तहसीलदार बालाराजू नागाराजू को 28 एकड़ जमीन के संबंध में सत्या डवलपर्स रियल स्टेट से 1 करोड़ 10 लाख रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जिसके बाद से यह कार्यवाही की गयी।
हमारी सहयोगी वैबसाइट डीएनए के मुताबिक एक ऑफीसर ने बताया कि रेड में नागाराजू के बंगले और अन्य ठिकानों से 36 लाख रूपये बरामद कियेगये। इसके अलावा आधा किलोग्राम के वजन का सोना भी जब्त किया गया है। छापेमारी के दौरान बरामद हुई रकम को गिनने के लिये नोट गिनने की मशीन को बुलाया गया। इसमें 500 के नोट अधिक थे।
आपको बतादें कि तहसीलदार नागाराजू के घर पर एसीबी के छापे के दौरा उसकी कार से 8 लाख रूपये नगद और घर से 28 लाख रूपये जब्त किये गये। इसके साथ 500 ग्राम सोना, लॉकर की चाबी और अचल संपत्ति के कागजात भी बरामद किये गये ।
19 करोड़ की कीमत की जमीन के मामले में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत
जांच अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार ने सत्या डेवलपर्स रियल स्टेट से 19 करोड़ की कीमत की जमीन के मामले में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत तहसीलदार बालाराजू नागाराजू, रियल स्टेट डीलर के. अंजी रेड्डी और ग्राम राजस्व अधिकारी बी. साई राज के खिलाफ केस दर्ज किया है।

