छांगुर बाबा के 14 ठिकनों पर ईडी की रेड, 5 बजे बलरामपुर और मुंबई पहुंची ईडी की टीमें, 100 करोड़ रूपये की फंडिंग का केस

बलरामपुर. यूपी के बलरामपुर में धर्मान्तरण के मास्टरमाइंड छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के ठिकानों पर ईडी की रेड चल रही है। गुरूवार की सुबह 5 बजे से बलरामपुर के 12 ठिकानों और मुंबई के 2 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। छापे में 100 करोड़ रूपये की फंडिंग के मामले में ईडी ने यह कार्यवाही का अंजाम दिया है। दरअसल, यूपी एसटीएफ को छांगुर बाबा गैंग के हवाला नेटवर्क, संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन और विदेशी फंडिंग के कई अहम सुराग हाथ लगे थे। इस मामले में एसटीएफ ने ईडी को कागजात सौंपे थे। इसके बाद ईडी ने कार्यवाही की है। ईडी की जांच में पता चला है कि गैंग के 30 में से 18 बैंक खातों में अभी तक लगभग 18 करोड रूपये का लेन-देन हुआ है। महज 3 महीने में 7 करोड़ रूपये की विदेशी फंडिंग इन खातों में हुई। यह रकम हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के जरिये विभिन्न देशों से भेजी गयी है।

छांगुर गैंग की गतिविधियों से जुड़े आतंकी नेटवर्क के कागजात लगे हाथ
1- एक बड़ी इमारत को आतंकी ट्रेनिंग कैम्प के तौर पर उपयोग किये जाने के सबूत, यह इमारत कहां की है यह स्पष्ट नहीं हो पाया।
2- विदेशी फंडिंग से बंगला, शोरूम, फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाडि़यां खरीदी गयी।
3- दरगाह में हर साल भव्य उर्स का मेला लगता था, इसमें देश-विदेश से लोग जुटते थे, इसका मकसद धर्मान्तरण करवाना रहता था।
मुंबई में छांगुर का करीबी निकला शहजादा, बांद्रा स्थित ठिकाने पर रेड
ED की कार्रवाई में छांगुर नेटवर्क का एक अहम नाम सामने आया है। शहजादा, जो छांगुर का बेहद करीबी बताया जा रहा है। ED टीम ने गुरुवार सुबह मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित शहजादा के ठिकाने पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शहजादा के खाते में दो करोड़ रुपए की संदिग्ध रकम ट्रांसफर की गई थी। यह रकम बलरामपुर निवासी नवीन के जरिए पहुंची थी। ED को शक है कि यह पूरा लेनदेन धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़ी हवाला फंडिंग का हिस्सा है। इस पैसे का इस्तेमाल छांगुर गिरोह की गतिविधियों को संचालित करने और धर्मांतरण के काम को फैलाने में किया गया। अब ED मुंबई से लेकर बलरामपुर तक इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है, जिससे अवैध कारोबार, मनी लॉन्ड्रिंग और अंतरराष्ट्रीय फंडिंग की परतें खुल सकें।
दुर्गेश के घर पर भी छापेमारी
लखनऊ से ED टीमें 5 कारों में बलरामपुर पहुंची हैं। उतरौला के आसिपिया, हाशमी हुसैनी कलेक्शन, बाबा ताजुद्दीन कलेक्शन, मधुपुर गांव और रेहरा माफी गांव समेत 12 जगहों पर छापेमारी चल रही है। ED छांगुर बाबा के सहयोगी दुर्गेश के घर पर भी छापेमारी कर रही है। दरअसल, ATS की जांच में पता चला था कि दुर्गेश ने गलत तरीके से छांगुर को कई जमीनें बेची थीं। इन्हीं में से 3 बीघा जमीन पर छांगुर बाबा आलीशान बिल्डिंग बनवा रहा था, जिसमें डिग्री कॉलेज खोलने की योजना थी।
देश-विदेश में फैला बैंक खातों का जाल
ED की जांच में नीतू के नाम पर 8 बैंक खाते मिले हैं- बैंक ऑफ इंडिया, पेटीएम बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (3 खाते), ICICI, HDFC, SBI। जबकि नवीन के पास 6 खाते मिले हैं। पेटीएम बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (2 खाते), ICICI, HDFC (2 खाते)। इन खातों से हवाला नेटवर्क के जरिए संदिग्ध ट्रांजैक्शन के सुराग मिले हैं। छांगुर बाबा के ट्रस्ट और कंपनियों के नाम पर भी 8 बैंक खाते मिले हैं। अस्वी इंटरप्राइजेज, अस्वी चैरिटेबल ट्रस्ट, बाबा ताज्जुद्दीन अस्वी बुटीक। इनमें करोड़ों रुपए की एंट्री दर्ज की गई है। इसके अलावा, UAE, दुबई और शारजाह में स्थित विदेशी बैंक खातों का भी पता चला है। इनमें एक्सिस बैंक, SBI, HDFC, एमिरेट्स NBD, फेडरल बैंक, अल अंसारी एक्सचेंज के जरिए भारत में विदेशी फंड भेजा।

