चीनी सेना में पाक फौजी अफसरों की गुप्त तैनाती, लद्दाख-तिब्बत में पीएलए की मदद कर रहे
नई दिल्ली. चीन और पाकिस्तान मिलकर भारत के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी और पीएलए के वेस्टर्न और सदर्न कमांड में पाकिस्तान के फौजी अफसर तैनात किए गए है। वेस्टर्न कमांड लद्दाख जबकि सदर्न कमांड तिब्बत के इलाकों में तैनात है। भारत के रक्षा मंत्रालय और सेना की इन मामलों पर पैनी नजर है।
हेडक्वॉर्टर में तैनाती
चीन और पाकिस्तान की इन हरकतों के बारे में जानकारी मिली है। रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान के फौजी अफसरांे को इन दोनों कमांड्स के हेडक्वॉर्टर में पोस्टिंग दी गई है। चीन ने पिछले महीने जनरल वांग हेजियांग को वेस्टर्न थिएटर कमांड की जिम्मेदारी सौंपी है। खास बात यह है कि एक तरफ तो चीन इस इलाके से सैनिकों को हटाने की बात कर रहा है दूसरी तरफ लद्दाख मे दूसरे रास्ते से फौज और हथियारों की तैनाती बढ़ा रहा है। गुरूवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने भी इसकी पुष्टि की थी।
सदर्न थिएटर कमांड भी अहम
सदर्न थिएटर कमांड के पास तिब्बत के अलावा चीन के स्पेशल एडमिनिस्ट्रेटिव रीजन्स जैसे हॉन्गकॉन्ग और मकाऊ की भी जिम्मेदारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएलए की वेस्टर्न और सदर्न कमांड में पाकिस्तान के कुछ कर्नल रैंक के अफसरों को भेजा गया था। इनको कॉम्बेट प्लानिंग, ट्रेनिंग और स्ट्रैटेजी का जिम्मा सौंपा गया है। जानकारी के मुताबिक, करीब 10 पाकिस्तानी फौजी अफसर बीजिंग स्थित चीन एम्बेसी में भी तैनात हैं। इनको अलग काम सौंपा गया है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि कुल मिलाकर कितने पाक आर्मी अफसर इस वक्त चीन में मौजूद हैं।

