ग्वालियर में पुलिस चौकी के पीछे मर्डर, कारोबारी को गोली मारकर भागे बदमाश
ग्वालियर. रविवार शाम भी बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया जिससे शहर में सनसनी फैल गई। बदमाश एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी की हत्या कर फरार हो गए हैं और अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। हैरानी की बात तो ये है कि जिस जगह पर बदमाशों ने कत्ल की इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया वो पुलिस चौकी के ठीक पीछे है और घटना के वक्त पुलिस चौकी में पुलिसकर्मी भी मौजूद थे और डायल 100 की गाड़ी भी खड़ी थी इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफल हो गए।
सीसीटीवी में हमलावर की भागते हुए तस्वीर कैद
घटना शहर के गेंडेवाली सड़क की है जहां रहने वाले ट्रेवल्स कारोबारी अजीम खां की रविवार शाम घर पर आकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि 4 बदमाश अजीम खां की हत्या की प्लानिंग कर उनके घर पहुंचे और पहले तो अजीम को घर से बाहर बुलाकर कुछ देर तक उनसे बातचीत की। इसी दौरान एक बदमाश ने बात करते करते तमंचा निकाला और अजीम खां के सीने में गोली मार दी। बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर दो-दो की संख्या में अलग अलग भाग निकले। घटनास्थल के पास ही लगे एक सीसीटीवी में हमलावर की भागते हुए तस्वीर कैद हुई है जिसके आधार पर अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

