ग्वालियर में देश का तीसरा और MP का पहला कोल्ड चेन प्रशिक्षण केंद्र खुलेगा
ग्वालियर. स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ग्वालियर को एक उपलब्धि मिलने जा रही है। यहां देश का तीसरा और मध्य प्रदेश का पहला क्षेत्रीय कोल्ड चेन रिसोर्स प्रशिक्षण सेंटर स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र नवंबर माह से काम कना शुरू कर देगा। इसका संचालन औ निगरानी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन करेगा। इस प्रशिक्षण केन्द्र के लिए यूनिसेफ के सहयोग से राज्य सरकार को 60 लाख रुपये का फंड दिया गया है।
खासतौर से टेक्नीशियन, मेडिकल ऑफिसर और एएनएम को प्रशिक्षण देंगे
प्रशिक्षण केंद्र में दिल्ल्ी स्थित नेशनल कोल्ड चेन एंड वैक्सीन मैनेजमेंट रिसर्च सेंटर और पुणे के नेशनल कोल्ड चेन रिसोर्स सेंटर से विशेषज्ञ देने आएंगे। ये विशेषज्ञ खासतौर से टेक्नीशियन, मेडिकल ऑफिसर और एएनएम को प्रशिक्षण देंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार ग्वालियर को यह केंद्र मिलने के पीछे यहां की मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्थाएं, भौगोलिक स्थिति प्रमुख कारण है। यह केंद्र पूरे मध्य भारत के लिए एक मॉडल ट्रेनिंग हब के रूप में कार्य करेगा।
देश में अब तक सिर्फ दो शहरों में ऐसे केंद्र
देशभर में अभी तक दिल्ली और पुणे में ही इस प्रकार के कोल्ड चेन प्रशिक्षण केंद्र हैं। इस खास सूची में ग्वालियर के शामिल होने से मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों को भी लाभ मिलेगा।
टीकाकरण को मिलेगी नई रफ्तार
क्षेत्रीय वैक्सीन भंडार के प्रभारी अभय कुलश्रेष्ठ ने बताया कि यह प्रशिक्षण केंद्र टीकाकरण कार्यक्रम के तहत आने वाले कोल्ड चेन सिस्टम को मजबूत बनाएगा। इससे टीकों की गुणवत्ता, स्टोरेज और डिस्ट्रीब्यूशन बेहतर होगा, जिससे रोग प्रतिरोधक अभियान को नई गति मिलेगी।

