ग्वालियर में (दिल्ली पार्लियामेंट की सुरक्षा में तैनात) सब इंस्पेक्टर को 28 लाख का चूना लगाया
ग्वालियर. दिल्ली पार्लियामेंट हाउस सिक्युरिटी में तैनात सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर को उसके ही साले के दोस्त ने 28 लाख रुपए का चूना लगा दिया। जमीन में पैसा लगाकर कुछ ही समय में दोगुना फायदा होने का लालच देकर ठगों ने दरोगा को जाल में फंसाया। दरोगा ने अपने साथ एक सिपाही के भी पैसे लगवा दिए। घटना ग्वालियर के शताब्दीपुरम की है। ठगों ने रुपए तो ले लिए लेकिन रजिस्ट्री नहीं की और न ही रुपए लौटा रहे है। पुलिस ने दरोगा की शिकायत पर आरोपी ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है साथ ही मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
महाराजपुरा के शताब्दीपुरम निवासी लल्ली प्रसाद शर्मा (सेन्ट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स) में उपनिरीक्षक हैं और अभी दिल्ली में पार्लियामेंट हाउस सिक्योरिटी में तैनात है। पास ही में उनके साले मनोज शर्मा रहते है । साले के यहां पर आने जाने के दौरान उनका परिचय साले के दोस्त बृजेश कराहिया से हुआ। बृजेश भी उनको अपना जीजा मानने लगा और अक्सर उनके घर आने जाने लगा। इसी बीच उसने बताया कि वह प्लॉट बेचने का काम वासुदेव शर्मा व अनिल दीक्षित के साथ करता है। वह काफी सस्ता प्लॉट उन्हें दिला देगा उसकी बातों में आकर उन्होंने जगह देखी तो पसंद आ गई। उन्होंने उससे 30 लाख रुपए में सौदा किया और अपने साथी कांस्टेबल को भी उसमें पार्टनर कर लिया। इसके बाद उसके खाते में 24 लाख रुपए 6 महीने पहले ट्रांसफर भी कर दिए। घर में आते ही बृजेश ने उनकी बेटी से राखी बंधवाना शुरू कर दिया था और जब राजकुमार ड्यूटी पर थे तो उसने बेटी से भी चार लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। बोला था कि पापा ने जो जमीन खरीदी है उसमें उसका भी हिस्सा होगा। फायदे के चक्कर में दरोगा की बेटी ने भी चार लाख रुपए दे दिए थे।
आरोपियों ने धमकी दी कि रुपए मांगे तो जान से मार देंगे
काफी समय बीतने व रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने पर भी आरोपियों ने रजिस्ट्री तो नहीं की, बल्कि उसे धमकी दी कि अगर उसने रुपए मांगे तो वह उसे जान से मार देंगे। धमकी का शिकार पीड़ित CRPF सब इंस्पेक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस कप्तान अमित सांघी से मिलकर की। शिकायत पर एसपी ने महाराजपुरा थाना पुलिस को मामला दर्ज कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

